
रांची/नई दिल्ली: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले की एक 16 वर्षीय किशोरी को दिल्ली से सकुशल मुक्त करा लिया गया है। यह किशोरी पिछले छह वर्षों से मानव तस्करी (Human Trafficking) का दंश झेल रही थी। चाईबासा पुलिस, दिल्ली पुलिस, मिशन मुक्ति फाउंडेशन और विशेष रेस्क्यू टीम के संयुक्त अभियान में इस बड़े मानव तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। तस्करों ने किशोरी की उम्र छिपाने और शोषण को वैध रूप देने के लिए उसके आधार कार्ड में फर्जीवाड़ा कर उसे बालिग दर्शाया था।


आधार में उम्र बदलकर शोषण और 1 लाख में सौदा
रेस्क्यू के बाद पीड़िता की काउंसलिंग में कई चौंकाने वाले और दर्दनाक खुलासे हुए हैं। पीड़िता ने बताया कि जब वह नाबालिग थी, तब उसे बहला-फुसलाकर झारखंड से दिल्ली लाया गया था। दिल्ली में उससे जबरन घरेलू काम कराया गया। इसके बाद तस्करों ने उसे मुंबई भेज दिया और अंततः एक लाख रुपये में बेचकर एक अज्ञात व्यक्ति से उसकी जबरन शादी करा दी गई। पिछले 6 सालों में किशोरी को लगातार भयानक मानसिक और शारीरिक शोषण का शिकार होना पड़ा।
दिल्ली की प्लेसमेंट एजेंसी से चल रहा था रैकेट
इस संगठित अपराध की जांच में प्रतिमा गुप्ता (गुमला निवासी), हेमंत गुप्ता, विशाल गुप्ता, मनीष भारती और मीना देवी का नाम सामने आया है। शुरुआती जांच में यह खुलासा हुआ है कि दिल्ली के रोहिणी स्थित राम विहार क्षेत्र से संचालित एक प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से पीड़िता को अलग-अलग जगहों पर भेजा गया था। पुलिस अब इस एजेंसी की भूमिका और इससे जुड़े पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है ताकि अन्य संलिप्त लोगों को गिरफ्तार किया जा सके।
READ MORE :Jamshedpur NEWS: उत्कल एसोसिएशन विवाद में एस. के. बेहेरा ने संरक्षक पद से दिया इस्तीफा, निष्पक्ष चुनाव और सदस्यता प्रक्रिया पर उठाए सवाल
गुदड़ी थाने में मामला दर्ज, ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ के तहत कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी थाना में मानव तस्करी, बाल श्रम, धोखाधड़ी और जबरन विवाह की गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह संपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन झारखंड भवन के स्थानिक आयुक्त अरवा राजकमल के कुशल निर्देशन और विभिन्न एजेंसियों के प्रभावी समन्वय से संपन्न हुआ।
झारखंड सरकार की मानव तस्करी के खिलाफ ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ (Zero Tolerance) नीति के तहत पीड़िता को तत्काल आवश्यक कानूनी सहायता, काउंसलिंग और पुनर्वास उपलब्ध कराया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों (आधार) में हेरफेर करने वालों पर भी अलग से सख्त कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही इस मामले में कई अन्य गिरफ्तारियां हो सकती हैं।



