
जमशेदपुर। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने अर्जुन मुंडा की दिवंगत माताजी सायरा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री के साथ उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं और उन्होंने भी दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।



अर्जुन मुंडा के परिवार से मिलकर जताई संवेदना
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और उनके शोकाकुल परिवारजनों से मुलाकात की। उन्होंने इस दुख की घड़ी में परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें धैर्य, साहस और संबल मिलने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और ईश्वर के श्रीचरणों में स्थान मिलने की प्रार्थना भी की।
घोड़ाबांधा हेलीपैड पर दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर
जमशेदपुर पहुंचने पर मुख्यमंत्री को घोड़ाबांधा स्थित हेलीपैड पर स्थानीय प्रशासन की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।




