
जमशेदपुर। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के केंद्रीय प्रवक्ता और पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने राज्य सरकार के मंत्रियों से मुलाकात कर किसानों की फसल क्षति का मुआवजा, धान खरीद में बिचौलियों की भूमिका पर रोक और जमशेदपुर में पोस्टमार्टम सुविधा शुरू कराने की मांग उठाई।



कुणाल षाड़ंगी ने स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से मुलाकात के दौरान ओडिशा और पश्चिम बंगाल से सटे झारखंड के सीमावर्ती इलाकों में चक्रवाती तूफान अकवन से किसानों को हुए फसल नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने का आग्रह किया। उन्होंने जमशेदपुर स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध पोस्टमार्टम सुविधा को भी जल्द शुरू कराने की मांग की, ताकि स्थानीय लोगों को इसका लाभ मिल सके।
फसल क्षति मुआवजे में लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
मुलाकात के दौरान मौजूद राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने विभागीय सचिव को निर्देश दिया कि किसानों को फसल क्षति का मुआवजा देने की प्रक्रिया में किसी तरह की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही।
धान खरीद में बिचौलियों की भूमिका पर निगरानी की मांग
इसके बाद कुणाल षाड़ंगी ने कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की से मुलाकात कर राज्य में धान खरीद प्रक्रिया पर विशेष निगरानी रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी नहीं होनी चाहिए और खरीद प्रक्रिया में बिचौलियों की भूमिका पर रोक लगाई जानी चाहिए।
उन्होंने मांग की कि धान खरीद व्यवस्था ऐसी हो, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित लाभ मिल सके और बिचौलियों के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े।



