
सरायकेला-खरसावाँ : होली महापर्व–2026 के मद्देनजर विधि-व्यवस्था संधारण और अवैध मदिरा बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। उपायुक्त के निर्देश पर अधीक्षक उत्पाद, सरायकेला-खरसावाँ क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में 01 मार्च 2026 की संध्या 07:00 बजे से 10:00 बजे तक विशेष सघन जांच अभियान चलाया गया।यह अभियान चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग–33 के किनारे स्थित विभिन्न लाइन होटलों में संचालित किया गया।
लाइन होटलों में सघन जांच अभियान
जांच के दौरान महेश होटल, त्रिवेणी होटल, शत्रुघ्न होटल, अनन्या होटल एवं गोल्डन लीफ होटल में तलाशी ली गई। उत्पाद विभाग की टीम ने दस्तावेजों की जांच के साथ होटल परिसरों में अवैध मदिरा के भंडारण और परोसने की गतिविधियों की बारीकी से जांच की।अभियान के क्रम में महेश होटल और अनन्या होटल में ग्राहकों को अवैध रूप से मदिरा परोसे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद दोनों होटल संचालकों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई
उक्त मामले में संबंधित आरोपियों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए विशेष अभियान जारी रहेगा।
होली के दौरान सख्ती के संकेत
उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज ने कहा कि होली पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। अवैध शराब के कारण किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और आगे भी ऐसे सघन अभियान निरंतर चलाए जाएंगे।


