सरायकेला- खऱसावा।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में ईद-उल-फितर, सरहुल, रामनवमी, चैत्र नवरात्र और चैती छठ-2026 के अवसर पर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत भी उपस्थित थे।
READ MORE :Jharkhand News :इको टूरिज्म रोजगार सृजन एवं आर्थिक विकास का सशक्त माध्यम – हेमन्त सोरेन, मुख्यमंत्री
सुझाव और सुरक्षा दिशा-निर्देश
बैठक में केंद्रीय शांति समिति के सदस्य और अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों से पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सुझाव आमंत्रित किए गए। उपायुक्त ने इन सुझावों के आधार पर संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नदियों और घाटों की सुरक्षा
सदस्यों ने नदियों और घाटों की सफाई, जल उपलब्धता, प्रकाश व्यवस्था, सड़कों एवं नालियों की साफ-सफाई और जुलूस मार्गों में स्ट्रीट लाइट एवं अवरोध हटाने जैसे उपाय सुझाए। उपायुक्त ने विशेष निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों में बैरिकेडिंग, गोताखोर की प्रतिनियुक्ति और सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।
पुलिस और ट्रैफिक व्यवस्था
उपायुक्त ने जुलूस और शोभायात्राओं में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, फ्लैग मार्च आयोजित करने और संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सोशल मीडिया और व्हाट्सएप समूहों पर भ्रामक या भड़काऊ पोस्टों पर कानूनी कार्रवाई करने के लिए पुलिस को निर्देशित किया गया।
विद्युत और आधारभूत संरचना
कार्यपालक अभियंता, विद्युत विभाग को निर्देश दिया गया कि जुलूस मार्गों में सुरक्षा हेतु विद्युत आपूर्ति नियंत्रित की जाए और विद्युत खंभों तथा झूलते तारों को पूर्व में दुरुस्त किया जाए। सभी प्रमुख चौक-चौराहों और नालियों की सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
स्वास्थ्य एवं आपातकालीन तैयारी
सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) को अलर्ट मोड में रखने और फायर ब्रिगेड टीम को स्टैंडबाय स्थिति में रखने का निर्देश दिया गया।
उपस्थित अधिकारी
बैठक में अनुमण्डल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकास, अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त आदित्यपुर रवि प्रकाश, जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो , अनुमंडल पदाधिकारी चांडील विकास राय, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी सह प्रभारी पदाधिकारी समान्य शाखा श्री अविनाश कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत सरायकेला, कार्यपालक अभियंता विद्युत एवं पेयजल विभाग, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, सभी थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।




