
जमशेदपुर। मिथिला सांस्कृतिक परिषद्, जमशेदपुर की ओर से मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को गोलमुरी स्थित विद्यापति परिसर में सामा-चकेवा महोत्सव हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। मिथिलांचल की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा और भाई-बहन के अटूट प्रेम के प्रतीक इस पर्व में महिलाओं एवं परिषद् के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में पारंपरिक लोकगीतों, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मिथिला की लोकपरंपरा की सुंदर झलक देखने को मिली।



कार्यक्रम का शुभारंभ भगवती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जियाडा की पूर्व डिप्टी डायरेक्टर रंजना मिश्रा तथा समाजसेवी एवं रोटरी क्लब की सदस्या कुसुम ठाकुर उपस्थित रहीं। दोनों अतिथियों ने महोत्सव की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन मिथिला की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम की संयोजिका माला चौधरी ने स्वागत भाषण दिया। मंच संचालन रूपम झा ने किया, जबकि अन्नपूर्णा झा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: परमहंस लक्ष्मीनाथ गोस्वामी मंदिर में धूमधाम से मना सामा-चकेवा पर्व, डाला प्रतियोगिता में अर्चना मिश्रा प्रथम
भाई-बहन के प्रेम और मिथिला की लोकसंस्कृति का उत्सव
सामा-चकेवा महोत्सव के दौरान मिथिला की पारंपरिक संस्कृति, लोकगीतों और रीति-रिवाजों का जीवंत प्रदर्शन हुआ। उपस्थित लोगों ने इस पर्व के माध्यम से भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह, त्याग और पारिवारिक संबंधों की महत्ता को याद किया।
इस अवसर पर समाज की युवा लेखिका शरण्या झा को उनके साहित्यिक लेखन के लिए सम्मानित किया गया। उनके सम्मान को कार्यक्रम का विशेष आकर्षण माना गया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: ‘पंचायत’ के बिनोद यानी अशोक पाठक कल जमशेदपुर में, बिहार एसोसिएशन के शताब्दी समारोह में करेंगे मनोरंजन
महिलाओं के योगदान से सफल हुआ आयोजन
मिथिला सांस्कृतिक परिषद् के पदाधिकारियों, सदस्यों और मिथिलावासियों ने आयोजन में उत्साहपूर्ण सहभागिता निभाई। सभी ने मिथिला की गौरवशाली लोकपरंपराओं को जीवंत बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
महोत्सव को सफल बनाने में परिषद् की कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ संयोजिका माला चौधरी एवं रूपम झा, पूनम झा, अन्नपूर्णा झा, अंजिता झा, नम्रता झा, राधा झा, कंचन दास, गायत्री झा, बबली झा सहित अन्य महिलाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम का समापन आपसी सौहार्द, प्रेम और सांस्कृतिक एकता के संदेश के साथ हुआ। महोत्सव ने एक बार फिर जमशेदपुर में मिथिला की सांस्कृतिक पहचान और लोकपरंपराओं के प्रति लोगों की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।




