
जमशेदपुर। मिथिला की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा और भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक सामा-चकेवा पर्व मंगलवार को परमहंस लक्ष्मीनाथ गोस्वामी मंदिर परिसर में बड़े ही हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मिथिला की महिलाओं ने पारंपरिक रूप से सामा-चकेवा के डाले सजाकर पर्व की सांस्कृतिक छटा बिखेरी।



कार्यक्रम के दौरान सामा-चकेवा पर्व से जुड़ी पौराणिक कथा भी सुनाई गई। मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण की पुत्री श्यामा ऋषि-मुनियों के आश्रम में जाया करती थीं। इस दौरान चुगलखोर चुड़क नामक व्यक्ति ने भगवान कृष्ण से उनकी शिकायत कर दी। बिना पूरी सच्चाई जाने भगवान कृष्ण ने श्यामा को पक्षी बन जाने का श्राप दे दिया। बाद में उन्हें अपनी भूल और श्यामा के प्रति उनके भाई के प्रेम की सच्चाई का पता चला। इसी भाई-बहन के प्रेम, त्याग और समर्पण की स्मृति में सामा-चकेवा पर्व मनाने की परंपरा प्रचलित हुई।
कार्यक्रम में पारंपरिक डाला सजावट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अर्चना मिश्रा, द्वितीय स्थान बेबी झा तथा तृतीय स्थान भारती कुमारी ने प्राप्त किया। वहीं कल्पना झा को भी प्रतियोगिता में स्थान मिला। इसके अलावा किशोरी देवी, पुष्पा देवी, किरण देवी और संगीता मिश्रा सहित अन्य प्रतिभागियों के डाले भी आकर्षण का केंद्र रहे। चौथे से दसवें स्थान तक चयनित प्रतिभागियों के नामों की भी घोषणा की गई।
प्रतियोगिता में निर्णायक मंडली की भूमिका वैदेही मिश्रा, पूनम मिश्रा, विजयलक्ष्मी, श्यामल सुमन और राजकुमार मिश्रा ने निभाई। कार्यक्रम के संयोजक रमन चौधरी थे।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों सहित चयनित विजेताओं को आगामी वार्षिक उत्सव के अवसर पर सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।
कार्यक्रम ने मिथिला की पारंपरिक संस्कृति, लोककला और पारिवारिक रिश्तों की मिठास को जीवंत करते हुए उपस्थित लोगों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का संदेश दिया।




