
सरायकेला: आगामी दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार (17 सितम्बर) को सरायकेला समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की एक अहम बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वंगीआरी की उपस्थिति में हुई इस बैठक में पूजा समितियों को विधि-व्यवस्था, यातायात, सुरक्षा और जनसुविधाओं को लेकर कई सख्त और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
रात 10 बजे के बाद डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, सोशल मीडिया पर रहेगी नजर
बैठक में ध्वनि प्रदूषण और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने को लेकर कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
डीजे पर रोक: माननीय न्यायालय के निर्देशों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया गया है कि रात 10 बजे के बाद डीजे (DJ) या किसी भी ध्वनि विस्तारक यंत्र पर गाना या ध्वनि प्रसारण पूरी तरह से वर्जित रहेगा। इसका उल्लंघन करने वालों पर थानेदार और सीओ सख्त कानूनी कार्रवाई करेंगे।
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग: व्हाट्सएप ग्रुप और सोशल मीडिया पर अफवाह या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले पोस्ट पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। सभी प्रमुख पूजा पंडालों और संवेदनशील मार्गों पर CCTV कैमरों से निगरानी की जाएगी।
अवैध शराब पर लगाम: पर्व के दौरान अवैध शराब की बिक्री और परिचालन पर पूर्ण नियंत्रण के निर्देश दिए गए हैं। सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ के तहत विशेष अभियान चलेगा।
पंडालों की सुरक्षा, ट्रैफिक और विसर्जन को लेकर निर्देश
उपायुक्त और एसपी ने पूजा समितियों को पंडाल निर्माण से लेकर विसर्जन तक के लिए गाइडलाइंस जारी की हैं:
पंडाल की सुरक्षा: पंडालों को हाईटेंशन तार और ट्रांसफॉर्मर से सुरक्षित दूरी पर बनाने को कहा गया है। ज्वलनशील सामग्री का उपयोग कम करने और फायर सेफ्टी (अग्निशमन) का प्रमाणपत्र लेना अनिवार्य होगा। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार होने चाहिए।
रावण दहन: दशहरा के रावण दहन कार्यक्रम में दर्शकों और दहन स्थल के बीच पर्याप्त और सुरक्षित दूरी बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
विसर्जन घाट की तैयारी: प्रतिमा विसर्जन प्रशासन द्वारा निर्धारित तिथि, समय और मार्ग से ही होगा। विसर्जन घाटों पर गोताखोर, बैरिकेडिंग, पर्याप्त लाइट, एंबुलेंस और हाइड्रा की व्यवस्था प्रशासन की ओर से सुनिश्चित की जाएगी।
यातायात (No-Entry): भीड़ को देखते हुए भारी वाहनों के लिए मुख्य मार्गों पर ‘नो-एंट्री’ लागू की जाएगी।
READ MORE :SOUTH EASTERN RAILWAY : दुर्गा पूजा से पहले रेलवे का बड़ा झटका, टाटानगर, रांची और राउरकेला की 22 ट्रेनें रद्द; देखें पूरी लिस्ट
पूजा समितियों ने दिया सहयोग का आश्वासन
बैठक में उपस्थित पूजा समिति के प्रतिनिधियों ने सड़क मरम्मत, साफ-सफाई और खराब स्ट्रीट लाइट ठीक करने जैसे कई सुझाव दिए। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को पर्व से पहले इन सभी समस्याओं को दुरुस्त करने का निर्देश दिया है। अंत में पूजा समितियों ने प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने और शांतिपूर्ण आयोजन का भरोसा दिलाया।
बैठक में डीडीसी रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, एसडीओ अभिनव प्रकाश, अपर नगर आयुक्त एजाज अनवर (आदित्यपुर), एसडीओ चांडिल नितिन शिवम गुप्ता सहित सभी प्रखंडों के बीडीओ, सीओ और थाना प्रभारी मौजूद थे।


