
मशहूर किस्सागो दिनकर शर्मा ने जमशेदपुर पुस्तक मेला का किया दौरा, सहयोग के स्टाॅल को बताया अद्भुत मंच



Anni Amrita
जमशेदपुर.
रील्स के जमाने में भी लेखकों और पाठकों को घबराने की जरुरत नहीं है. बदलता दौर है, लेकिन पाठक जरुर बढ़ेंगे. किताबों और रील्स की दुनिया के बीच पुल बनाने की जरुरत है. रविन्द्र भवन के प्रांगण में आयोजित ‘जमशेदपुर पुस्तक मेला’ देखने पहुंचे झारखंड के मशहूर किस्सागो(कथावाचक) दिनकर शर्मा ने उपरोक्त बातें बिहार झारखंड न्यूज नेटवर्क से कहीं.
कौन हैं दिनकर शर्मा
अपनी जादुई आवाज व अनोखी अदा से जब दिनकर स्टेज पर कहानी सुनाते हैं, तब लोगों की आंखें ठहर जाती हैं. वह ऐसा अद्भुत समां होता है जब दर्शक खुद पात्र बन जाते हैं या पात्रों में खो जाते हैं. जब दिनकर कहानी सुनाते हैं, तब दर्शक भूल जाते हैं कि वे कौन हैं और बस चारों तरफ कहानी के पात्र महसूस होते हैं. मूल रुप से झारखंड के पश्चिम सिंहभूम के चक्रधरपुर के रहनेवाले दिनकर शर्मा देश भर में घूम-घूमकर ‘किस्सागोई’ की लुप्त हो चुकी परंपरा को जीवंत करने की कोशिश में अनवरत जुटे हैं. वे 500 ज्यादा शो कर चुके हैं, जिनमें से 119 शो अकेले प्रेमचंद की कहानी ‘बड़े भाई साहेब’ का है. इसके साथ ही अपनी कहानी ‘मेरे अपने होने का मतलब’ का भी वे 96 शो कर चुके हैं. वे फीचर फिल्म ‘दोजख इन हेवेन’ में अभिनय कर चुके हैं.
सहयोग स्टाॅल का किया भ्रमण
जमशेदपुर पुस्तक मेला के भ्रमण के दौरान दिनकर शर्मा ने साहित्यिक संस्था ‘सहयोग’ के स्टाॅल का भी दौरा किया, जहां उन्होंने ‘सहयोग’ की संस्थापक डाॅ जूही समर्पिता से भेंट की. उन्होंने कहा कि स्थानीय साहित्यकारों के लिए सहयोग ने जो मंच दिया है, वह अद्भुत है.
पुस्तक मेला में हो कहानियों का मंचन–दिनकर शर्मा
दिनकर शर्मा ने पुस्तक मेला में दिन ब दिन कम हो रही भीड़ के विषय में कहा कि मेलों में कहानियों का मंचन हो, तो पुराने दिन वापस आ सकते हैं. कहानियों के मंचन से लोगों का जुड़ाव बढ़ेगा, खासकर नई पीढ़ी जरुर पसंद करेगी.



