
मृत्युंजय बर्मन


गम्हरिया / कांड्रा: सरायकेला-खरसावां जिले के काण्ड्रा थाना क्षेत्र में छोटे-मोटे चोरों और नशेड़ियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आज सुबह सामने आई चोरी की एक नई वारदात ने पुलिसिया रात्रि गश्त की पोल खोल कर रख दी है। काण्ड्रा स्टेशन के समीप स्थित एक छोटे गुमटी होटल को चोरों ने बीती रात अपना निशाना बनाया और रातों-रात हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में पुलिस की सक्रियता और अपराध नियंत्रण के दावों को लेकर एक बार फिर से गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
पीड़ित राजू दास की छिन गई आजीविका
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम लाहकोठी के रहने वाले राजू दास कांड्रा स्टेशन जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे एक छोटा गुमटी होटल चलाकर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पीड़ित राजू दास ने कांड्रा थाना में दिए गए अपने लिखित आवेदन में बताया है कि बीती रात अज्ञात चोर उनके बंद होटल में घुस आए। चोरों ने सबसे पहले लोहे के काउंटर में लगे तीन मजबूत तालों को बेरहमी से तोड़ डाला और उसके बाद अंदर रखे सामानों को अपना निशाना बनाया।
गैस सिलेंडर, बर्तन और नकदी ले उड़े चोर
चोरों ने होटल में रखे कई महत्वपूर्ण सामानों की चोरी कर ली है। चोरी गए सामानों में खाना बनाने वाले बड़े बर्तन जैसे डेकची, गमला और कड़ाही शामिल हैं। इसके साथ ही चोरों ने दो गैस सिलेंडर, काउंटर के गल्ले में रखे करीब 700 रुपये नकद और अन्य जरूरी घरेलू सामान भी पार कर दिए। आज सुबह जब राजू दास हमेशा की तरह अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तो वहां टूटा हुआ ताला और बिखरा पड़ा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। पीड़ित का कहना है कि चोरी की इस घटना ने उनकी आर्थिक रूप से कमर तोड़ कर रख दी है, क्योंकि यह छोटा सा होटल ही उनके परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द प्राथमिकी दर्ज कर चोरों की गिरफ्तारी और अपना सामान बरामद करने की गुहार लगाई है।
नशेड़ियों के सिंडिकेट से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश
इस चोरी की घटना के बाद आसपास के स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थानीय लोगों का स्पष्ट कहना है कि काण्ड्रा और आसपास के क्षेत्रों में नशेड़ियों और छोटे-मोटे चोरों का एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय हो गया है। यह सिंडिकेट रात के अंधेरे में बंद दुकानों और छोटे-गरीब कारोबारियों को अपना आसान निशाना बना रहा है। नागरिकों का सीधा आरोप है कि पुलिस की ठोस कार्रवाई और नियमित रात्रि गश्त के अभाव में ऐसे असामाजिक तत्वों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।
एसपी की क्राइम मीटिंग के 24 घंटे के भीतर पुलिस को चुनौती
यह घटना पुलिस महकमे के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है। गौरतलब है कि महज एक दिन पहले ही सरायकेला जिला मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक (SP) ने क्राइम मीटिंग की थी। इस बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारियों को नशाखोरी पर लगाम लगाने और अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त निर्देश दिए गए थे। लेकिन 24 घंटे भी नहीं बीते कि काण्ड्रा में चोरों ने इस वारदात को अंजाम देकर सीधे तौर पर पुलिस के सख्त निर्देशों को सलामी दाग दी है।


