
झारखंड में वेलफेयर बोर्ड और जिला स्तर पर ट्रांसजेंडर सेल का गठन आज भी अधूरा



जमशेदपुर,
संविधान दिवस के अवसर पर ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों और उनके वास्तविक सामाजिक उत्थान को लेकर ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए कार्यरत संस्था ‘उत्थान’ के संस्थापक अमरजीत सिंह ने झारखंड सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने प्रेस रिलीज के माध्यम से कहा कि आज पूरा देश संविधान दिवस मना रहा है और संविधान में प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार दिया गया है, लेकिन विडंबना यह है कि ट्रांसजेंडर समुदाय को आज भी अपने संवैधानिक अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है. संविधान में समानता की बात तो होती है, लेकिन जमीनी हकीकत में एक समुदाय को आज भी मुख्यधारा से अलग रखा जा रहा है.
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा ऐतिहासिक NALSA (नेशनल लीगल सर्विसेज अथॉरिटी) बनाम भारत सरकार मामले में ट्रांसजेंडर समुदाय को तीसरे लिंग के रूप में मान्यता देते हुए उनके अधिकारों और कल्याण के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए थे. इसके तहत राज्य सरकारों को ट्रांसजेंडर समुदाय के कल्याण के लिए आवश्यक कदम उठाने की जिम्मेदारी दी गई थी.
READ MORE :Jamshedpur News :बार भवन में 12वां राष्ट्रीय संविधान दिवस मनाया गया, प्रस्तावना का पाठ
कागजों तक सिमटा बोर्ड
अमरजीत सिंह ने बताया कि झारखंड में ट्रांसजेंडर वेलफेयर बोर्ड का गठन नहीं होने के कारण उन्होंने रांची हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया. इस कानूनी लड़ाई में सोनल तिवारी का महत्वपूर्ण सहयोग रहा और उनके सहयोग से जनहित याचिका (PIL) दायर की गई. न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद झारखंड में ट्रांसजेंडर वेलफेयर बोर्ड का गठन तो किया गया, लेकिन यह बोर्ड आज तक केवल कागजों तक ही सीमित रह गया है.
बोर्ड की एक भी बैठक न होने का आरोप
ट्रांसजेंडर वेलफेयर बोर्ड में ट्रांसजेंडर समुदाय की ओर से अमरजीत सिंह और धनबाद की सुनेहा किन्नर को सदस्य बनाया गया था. न्यायालय के निर्देशानुसार प्रत्येक छह महीने में बोर्ड की बैठक होनी थी, ताकि समुदाय की समस्याओं, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और पुनर्वास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर ठोस निर्णय लिए जा सकें. लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि आज तक एक भी बैठक आयोजित नहीं की गई है.
इतना ही नहीं, न्यायालय द्वारा झारखंड के सभी जिलों में ट्रांसजेंडर सेल गठित करने का भी निर्देश दिया गया था. झारखंड में कुल 24 जिले हैं, लेकिन अमरजीत सिंह के अनुसार आज तक किसी भी जिले में ट्रांसजेंडर सेल का गठन धरातल पर नहीं हो पाया है.
ट्रांसजेंडर समुदाय में नारागजी
इस स्थिति को लेकर ट्रांसजेंडर समुदाय में गहरी नाराजगी और निराशा है. समुदाय का सवाल है कि जब न्यायालय के निर्देश मौजूद हैं, वेलफेयर बोर्ड का गठन हो चुका है और समुदाय के प्रतिनिधियों को सदस्य भी बनाया गया है, तो फिर इन व्यवस्थाओं को धरातल पर लागू क्यों नहीं किया जा रहा है?
सरकार से मांग
अमरजीत सिंह ने सरकार से निम्नलिखित मांगे की है—
1–झारखंड ट्रांसजेंडर वेलफेयर बोर्ड की नियमित बैठक तत्काल आयोजित की जाए.
2-न्यायालय के निर्देशानुसार प्रत्येक छह महीने में बैठक सुनिश्चित की जाए.
3–राज्य के सभी 24 जिलों में ट्रांसजेंडर सेल का गठन किया जाए.
4-ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, आवास और सामाजिक सुरक्षा की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए.
5-समुदाय के प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए.
अमरजीत सिंह ने कहा कि संविधान दिवस मनाने का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होगा, जब संविधान में दिए गए अधिकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेंगे. केवल कागजों पर योजनाएं और बोर्ड बनाकर सरकार अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं कर सकती.
“ट्रांसजेंडर समुदाय भी इसी देश का हिस्सा है. हमें भी समानता, सम्मान और गरिमा के साथ जीने का पूरा अधिकार है. आखिर कब तक ट्रांसजेंडर समुदाय अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करता रहेगा? संविधान सभी के लिए है, तो फिर समानता के अधिकार से कोई समुदाय वंचित क्यों है?
संविधान केवल उत्सव मनाने का विषय नहीं, बल्कि हर नागरिक को उसका अधिकार दिलाने का संकल्प है.”
—अमरजीत सिंह
सचिव, उत्थान



