
पारस सिंह झा



देवघर। किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से देवघर में मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देने की पहल की गई है। राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत उपायुक्त के निर्देश पर संयुक्त जिला कृषि भवन परिसर में किसानों के बीच मधुमक्खी पालन से संबंधित उपकरणों का वितरण किया गया।
चांदपुर, डाबरग्राम स्थित संयुक्त जिला कृषि भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लाभुक किसानों को मधुमक्खी के छत्ते, बक्से, शहद निष्कासन यंत्र और अन्य आवश्यक सहायक सामग्रियां उपलब्ध कराई गईं।
आधुनिक तकनीक से मधुमक्खी पालन की जानकारी
जिला उद्यान कार्यालय, देवघर के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में रांची के मोरहाबादी मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण केंद्र ने सहयोग किया। इस दौरान किसानों को मधुमक्खी पालन की आधुनिक तकनीकों, शहद उत्पादन और इससे जुड़ी व्यावसायिक संभावनाओं की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि मधुमक्खी पालन कृषि के साथ अतिरिक्त आय अर्जित करने का एक बेहतर माध्यम बन सकता है। इसके जरिए किसान पारंपरिक खेती के अलावा स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित कर सकते हैं।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: बिहार एसोसिएशन के शताब्दी समारोह में पहुंचे ‘पंचायत’ के विनोद, अशोक पाठक ने साझा किया संघर्ष और गांव से जुड़ाव का सफर
किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल
उद्यान विकास योजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि गतिविधियों से जोड़ना और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना है। किसानों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराकर मधुमक्खी पालन को व्यावसायिक गतिविधि के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस पहल से जिले में शहद उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और अतिरिक्त आय के अवसर विकसित होने की उम्मीद है।



