
जमशेदपुर। कदमा स्थित रंकिणी मंदिर परिसर में दुर्गा पूजा को लेकर भूमिपूजन कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। पूजा कमिटी की ओर से इस वर्ष भी भव्य पूजा आयोजन की तैयारी शुरू कर दी गई है। कमिटी के अनुसार, इस बार तैयार किया जा रहा पूजा पंडाल कदमा में आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा। पंडाल का निर्माण कोलकाता के अनुभवी कारीगरों द्वारा किया जा रहा है।
READ MORE :CHAIBASA NEWS :कोल्हान विश्वविद्यालय के डॉ. शोभित रंजन की पुस्तक ‘न्यूरोबायोलॉजी ऑफ टाइप-2 डायबिटीज’ एल्सेवियर से प्रकाशित
बारीकी से तैयार किया जा रहा पंडाल
दुर्गा पूजा कमिटी प्रबंधन के अनुसार, पंडाल की बनावट पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कोलकाता के कारीगर पंडाल को आकर्षक और बारीक डिजाइन के साथ तैयार करेंगे। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को भव्य पंडाल के साथ विशेष सजावट देखने को मिलेगी।
कमिटी ने बताया कि पूजा में बंगाल के कंटाई क्षेत्र से ढाकी बुलाए जाएंगे, जबकि मां दुर्गा की प्रतिमा का निर्माण माईती द्वारा किया जा रहा है। पंडाल की रोशनी की जिम्मेदारी चंदननगर, कोलकाता के अनुभवी कारीगरों को दी गई है। रंग-बिरंगी रोशनी की विशेष व्यवस्था पूजा पंडाल और आसपास के क्षेत्र को आकर्षक रूप देने के लिए की जाएगी।
सुरक्षा के लिए CCTV और निजी गार्ड की व्यवस्था
पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी कमिटी की ओर से विशेष तैयारी की जा रही है। पंडाल परिसर में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा सके। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था के लिए कदमा थाना के सहयोग के साथ निजी सुरक्षा गार्ड भी तैनात किए जाएंगे।
आग से सुरक्षा के लिए पंडाल परिसर में अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था करने की भी बात कमिटी की ओर से कही गई है। इससे पूजा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने में मदद मिल सकेगी।
READ MORE :GHATSHILA NEWS :यात्रियों के लिए खुशखबरी, गीतांजलि और आजाद हिन्द एक्सप्रेस का घाटशिला स्टेशन पर होगा ठहराव
आयोजन को लेकर कमिटी ने शुरू की तैयारी
भूमिपूजन के साथ ही दुर्गा पूजा आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। कमिटी के पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्था और आकर्षक पूजा आयोजन का प्रयास किया जा रहा है।
दुर्गा पूजा संचालन कमिटी में अध्यक्ष दिलीप दास, महासचिव जनार्दन पाण्डेय, उपाध्यक्ष के. जी. गोविन्द और दुर्गा पूजा समिति 2026 के चेयरमैन के. के. अरोड़ा शामिल हैं। इनके अलावा एस. रमेश कुमार, ए. आर. डे (बापी दा), हरभजन सिंह, आर. एम. पी. सिंह, मनोज कुमार और सुभाष सहित कमिटी के अन्य सदस्य भी भूमिपूजन कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

