
चाईबासा,। कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा के प्राणीशास्त्र विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. शोभित रंजन ने अंतरराष्ट्रीय अकादमिक जगत में विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। उनके द्वारा संपादित वैज्ञानिक पुस्तक ‘Neurobiology of Type 2 Diabetes’ का प्रकाशन विश्वप्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय प्रकाशन संस्था Elsevier (Academic Press), USA द्वारा किया गया है।
यह उपलब्धि कोल्हान विश्वविद्यालय के शोध एवं अकादमिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुस्तक में टाइप-2 डायबिटीज और तंत्रिका तंत्र के बीच संबंधों से जुड़े नवीनतम वैज्ञानिक शोध और समकालीन दृष्टिकोण को शामिल किया गया है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: आंध्र एसोसिएशन कदमा में JTBS का निःशुल्क चिकित्सा शिविर, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी सेवाएं
टाइप-2 डायबिटीज और तंत्रिका तंत्र पर शोध
पुस्तक का संपादन डॉ. शोभित रंजन ने एम्स नागपुर तथा जॉर्ज ऑगस्ट यूनिवर्सिटी ऑफ गोटिंगेन, जर्मनी के प्रोफेसरों और शोधकर्ताओं के सहयोग से किया है।
पुस्तक में टाइप-2 मधुमेह और तंत्रिका तंत्र के बीच मौजूद जटिल संबंधों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया गया है। इसमें मधुमेह से जुड़े आणविक और कोशिकीय तंत्र के साथ-साथ मस्तिष्क एवं विभिन्न न्यूरोलॉजिकल जटिलताओं पर भी समकालीन शोध को शामिल किया गया है।
शोधार्थियों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों के लिए महत्वपूर्ण संदर्भ
‘Neurobiology of Type 2 Diabetes’ न्यूरोबायोलॉजी, मॉलिक्यूलर बायोलॉजी और बायोमेडिकल साइंसेज के क्षेत्र में काम करने वाले शोधार्थियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के साथ स्वास्थ्य विशेषज्ञों के लिए उपयोगी संदर्भ ग्रंथ के रूप में महत्वपूर्ण हो सकती है।
पुस्तक का अंतरराष्ट्रीय प्रकाशन भारतीय अकादमिक क्षेत्र में उच्चस्तरीय शोध और वैज्ञानिक लेखन की वैश्विक पहुंच को भी दर्शाता है।
READ MORE :GHATSHILA NEWS :यात्रियों के लिए खुशखबरी, गीतांजलि और आजाद हिन्द एक्सप्रेस का घाटशिला स्टेशन पर होगा ठहराव
प्रमुख ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध
यह पुस्तक Elsevier, Amazon, Google Books, Waterstones, Bookswagon और Walmart समेत विभिन्न प्रमुख ऑनलाइन बुकस्टोर्स और अकादमिक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।
पुस्तक का ISBN: 978-0-443-32848-0 है।
विश्वविद्यालय परिवार ने दी बधाई
डॉ. शोभित रंजन की इस उपलब्धि पर कोल्हान विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता के नेतृत्व में विश्वविद्यालय परिवार ने उन्हें बधाई दी है। विश्वविद्यालय परिवार ने इस अंतरराष्ट्रीय प्रकाशन को शोध, वैज्ञानिक लेखन और विश्वविद्यालय की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय अकादमिक पहचान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

