
रांची/जमशेदपुर: झारखंड खिलाड़ी पेंशन योजना और पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मान राशि (नकद पुरस्कार) प्रदान करने को लेकर खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय द्वारा गठित उच्चस्तरीय समिति की अहम बैठक संपन्न हुई। खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड (रांची) के निदेशक की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में वित्त विभाग के अवर सचिव, उप सचिव और झारखंड ओलंपिक संघ के पदाधिकारी भी शामिल हुए
493 खिलाड़ियों को मिलेगी करीब 4.51 करोड़ रुपये की राशि
1 अप्रैल 2024 से 31 जनवरी 2026 तक की अवधि में अर्जित पदकों के विरुद्ध सम्मान राशि के लिए राज्य भर से कुल 911 आवेदन प्राप्त हुए थे।
इनमें से विभिन्न जिलों द्वारा 510 आवेदनों को योग्य और 401 को अयोग्य बताया गया था।
समिति ने कार्यालय द्वारा जांचे गए 510 आवेदनों पर विचार किया, जिनमें से 493 आवेदनों को अंतिम रूप से योग्य पाया गया।
इन 493 खिलाड़ियों को लगभग 4.51 करोड़ रुपये की सम्मान राशि देने की अनुशंसा की गई है।
इन खिलाड़ियों ने हॉकी, फुटबॉल, लॉन बॉल, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, कुश्ती, मुक्केबाजी, बैडमिंटन, शूटिंग और पारा गेम्स सहित कुल 24 खेल विधाओं में पदक हासिल किए हैं।
अर्जित पदकों में 241 स्वर्ण, 136 रजत, 107 कांस्य पदक और 9 भागीदारी वाले आवेदन शामिल हैं। शेष बचे आवेदनों और प्रशिक्षकों (कोच) के आवेदनों पर अगली बैठक में निर्णय लिया जाएगा।
READ MORE :RANCHI NEWS:दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पर यात्रियों की भारी भीड़, JRUA ने डीआरएम से की स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग
खिलाड़ी पेंशन योजना: 21 में से सिर्फ 2 आवेदन ही मिले योग्य
बैठक के दौरान झारखंड खिलाड़ी पेंशन योजना के तहत प्राप्त 21 आवेदनों की भी गहन समीक्षा (स्क्रूटनी) की गई।
दस्तावेजों की जांच के बाद केवल 2 आवेदन ही योजना के योग्य पाए गए।
शेष आवेदनों में कई आवश्यक अभिलेख (दस्तावेज) गायब थे, जिन्हें आवेदकों से मंगाने की अनुशंसा की गई है।
योजना के लिए बहुत कम आवेदन प्राप्त होने पर समिति ने चिंता जताई। इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए राज्य के सभी उपायुक्तों (डीसी) को पत्र भेजने की अनुशंसा की गई है।

