
रांची: आगामी दुर्गा पूजा, दिवाली और आस्था के महापर्व छठ के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन (JRUA) ने रेलवे प्रशासन से बड़ी मांग की है। एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने उप सचिव रितिक राज के नेतृत्व में रांची रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) से मुलाकात की और विभिन्न प्रमुख शहरों से रांची/हटिया के लिए फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने का आग्रह किया।
READ MORE :GHATSHILA NEWS :यात्रियों के लिए खुशखबरी, गीतांजलि और आजाद हिन्द एक्सप्रेस का घाटशिला स्टेशन पर होगा ठहराव
10-11 जिलों की रांची पर निर्भरता और लंबी वेटिंग लिस्ट
एसोसिएशन ने डीआरएम को सौंपे गए विस्तृत ज्ञापन में बताया कि विभिन्न शहरों से रांची आने वाली नियमित ट्रेनों में अभी से लंबी वेटिंग लिस्ट और ‘नो रूम/रिग्रेट’ (REGRET) की स्थिति बन गई है। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि लंबी दूरी की रेल यात्रा के लिए राज्य के 10-11 जिले (खूंटी, लोहरदगा, हजारीबाग, रामगढ़, गुमला, सिमडेगा, लातेहार, चतरा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और गिरिडीह) पूरी तरह से रांची/हटिया स्टेशन पर ही निर्भर हैं।
इसके बावजूद अहमदाबाद, जयपुर, तिरुवनंतपुरम और वास्को (गोवा) जैसे महत्वपूर्ण शहरों से रांची के लिए कोई सीधी या समर्पित ट्रेन सेवा उपलब्ध नहीं है, जिससे त्योहारी सीजन में यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :MTV Hustle 5 में चमका जमशेदपुर का लाल: दुखों के पहाड़ को पार कर टीवी और ओटीटी पर राज बाबू ने लहराया परचम
जेआरयूए द्वारा प्रस्तावित प्रमुख ट्रेन मार्ग
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एसोसिएशन ने निम्नलिखित स्पेशल ट्रेनों और सुविधाओं की मांग रखी है:
बेंगलुरु और हैदराबाद: बेंगलुरु से हटिया के लिए द्वि-साप्ताहिक (32 फेरे) और चारलापल्ली (हैदराबाद) से साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन।
मुंबई और पुणे: पूर्व में संचालित हटिया-एलटीटी स्पेशल (08609/08610) की बहाली और पुणे/हडपसर से हटिया के लिए साप्ताहिक ट्रेन।
राजस्थान और गुजरात: अजमेर-जयपुर-रांची स्पेशल (09619/09620) को पुनः शुरू करने और साबरमती (अहमदाबाद) से रांची के लिए सीधी स्पेशल ट्रेन की मांग।
दक्षिण भारत और गोवा: तिरुवनंतपुरम से विशाखापट्टनम होकर और वास्को द गामा (गोवा) से हटिया के लिए स्पेशल ट्रेन की व्यवस्था।
मध्य प्रदेश एवं उत्तर भारत: डॉ. आंबेडकर नगर (इंदौर/उज्जैन/भोपाल) से लोहरदगा होकर रांची तथा देहरादून से वाराणसी-गया होकर स्पेशल ट्रेन।
अतिरिक्त कोच: रांची-बनारस एक्सप्रेस (18611/18612) और रांची-सासाराम एक्सप्रेस (18635/18636) में कोचों की संख्या बढ़ाई जाए।
एसोसिएशन ने डीआरएम से आग्रह किया है कि इन प्रस्तावों को तत्काल दक्षिण पूर्व रेलवे जोनल मुख्यालय और रेलवे बोर्ड को भेजकर त्वरित स्वीकृति दिलाई जाए, ताकि त्योहारों पर घर आने वाले लाखों झारखंडवासियों को राहत मिल सके।

