
जमशेदपुर। शहर के वार्षिक लघु फिल्म महोत्सव ‘शॉर्ट्स 2026’ का आगाज शनिवार, 28 नवंबर से होगा। महोत्सव के 19वें संस्करण का आयोजन 28 और 29 नवंबर को सेंटर फॉर एक्सीलेंस (सीएफई) में किया जाएगा। दोनों दिन शाम 5 बजे से फिल्मों की स्क्रीनिंग शुरू होगी। इस बार महोत्सव की शुरुआत इंडो-फ्रेंच फिल्म ‘डिस्टेंसेस’ से होगी। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अशोक विश्वनाथन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रितुपर्णा सेनगुप्ता मुख्य भूमिका में हैं।



दो दिवसीय महोत्सव में जमशेदपुर के अलावा मुंबई, कोलकाता और पुणे के फिल्मकारों की फिक्शन एवं डॉक्यूमेंट्री फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। 3 से 27 मिनट की अवधि वाली फिल्मों में हिंदी, अंग्रेजी, बंगाली और संताली भाषा की फिल्में शामिल हैं। इसके अलावा दो मूक फिल्में भी दर्शकों को देखने को मिलेंगी।
READ MORE:Jamshedpur News: डोभो चेकनाके पर लगेंगे CCTV कैमरे, सिटी एसपी ने किया निरीक्षण
2008 में हुई थी महोत्सव की शुरुआत
शॉर्ट्स फिल्म महोत्सव की शुरुआत वर्ष 2008 में द सोसाइटी फॉर प्रमोशन ऑफ प्रोफेशनल एक्सीलेंस (एसपीपीई), जमशेदपुर और टेक 5 कम्युनिकेशंस, कोलकाता ने संयुक्त रूप से की थी। दर्शकों के उत्साह और टाटा स्टील के सहयोग से यह महोत्सव शहर के प्रमुख रचनात्मक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में अपनी पहचान बना चुका है।
जमशेदपुर के छह फिल्मकारों की फिल्मों का चयन
इस वर्ष महोत्सव में स्थानीय फिल्मकारों की कृतियों को विशेष स्थान दिया गया है। जमशेदपुर से चयनित छह फिल्मों में शामिल हैं:
गाछ बाबा: बंगाली-अंग्रेजी, 16 मिनट, निर्देशक अमित कुमार।
दृष्टि: हिंदी, 22 मिनट, निर्देशक गौतम गोप।
आसान पैसा: हिंदी, 19 मिनट, निर्देशक मसरूर सिद्दीकी।
एक और: मूक फिल्म, 7 मिनट, निर्देशक तपोन रॉय।
मायापुर-प्रभु मिलन का द्वार: हिंदी, 11 मिनट, निर्देशक सुमंत सिन्हा।
नशा से नशा तक: हिंदी, 7 मिनट, निर्देशक उदय साहू।
देश के अलग-अलग शहरों की फिल्में भी होंगी प्रदर्शित
महोत्सव में अन्य चयनित फिल्मों में अशोक विश्वनाथन की ‘डिस्टेंसेस’ (कोलकाता), तथागत भट्टाचार्य की ‘वीबीडीए झारखंड’ (कोलकाता), विवेक उपाध्याय की ‘माटी’ (मुंबई), मानसिंह बास्की की संताली फिल्म ‘पेड़ कहां जाते हैं?’ (पुणे), सोहम चक्रवर्ती की ‘नूपुर’, चंद्रिमा रे की ‘अंतरकथा’, रजत घोष की ‘सेक्कोर’, मिनी पांडे की मूक फिल्म ‘फोमो’, संजय मिश्रा की ‘घंटे के बाद’ और अभिषेक गांगुली की ‘शुगर डैडी’ शामिल हैं।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS:वंदे भारत में एक सप्ताह पहले एक्सपायर हो चुका नमकीन परोसा
संवाददाता सम्मेलन में दी गई जानकारी
महोत्सव को लेकर शुक्रवार को सेंटर फॉर एक्सीलेंस के मीटिंग हॉल में संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें टेक 5 कम्युनिकेशंस, कोलकाता के प्रमुख एवं फिल्म निर्देशक तथागत भट्टाचार्य, टाटा स्टील कॉरपोरेट कम्युनिकेशंस प्रमुख निभा शर्मा, रंगमंच कलाकार सिद्धार्थ सेन और गौतम शंकर दास ने महोत्सव की जानकारी साझा की।
आयोजकों ने बताया कि इस बार जमशेदपुर के फिल्मकारों की भागीदारी महोत्सव का खास आकर्षण रहेगी। शहर के दर्शकों को विभिन्न भाषाओं और विषयों पर बनी लघु फिल्मों के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों की कहानियां देखने का अवसर मिलेगा।



