जमशेदपुर। राउरकेला-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों को एक्सपायरी नमकीन परोसे जाने का मामला सामने आया है। ट्रेन के सी-9 कोच में टाटानगर से हावड़ा की यात्रा कर रहे दैनिक जागरण के जमशेदपुर संपादक प्रदीप सिंह को नाश्ते में दिया गया नमकीन का पैकेट एक्सपायरी डेट का था। पैकेट पर दर्ज तारीख के अनुसार, उसकी वैधता एक सप्ताह पहले ही समाप्त हो चुकी थी।
प्रदीप सिंह ने इस मामले को उठाते हुए रेलवे और आइआरसीटीसी की खानपान व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेन में यात्रियों को एक्सपायरी खाद्य सामग्री परोसे जाने की जिम्मेदारी किसकी है। खाद्य सामग्री की आपूर्ति से लेकर यात्रियों को परोसने तक उसकी गुणवत्ता और वैधता की जांच की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी की है। इसके बावजूद ऐसी लापरवाही कैसे हुई, यह जांच का विषय है।
उन्होंने अपनी टिप्पणी में ट्रेन की प्रीमियम सुविधा और खानपान की गुणवत्ता के बीच अंतर को रेखांकित करते हुए कहा कि ट्रेन की रफ्तार भले तेज हो, लेकिन कैटरिंग सेवा की गुणवत्ता पर ध्यान देने की जरूरत है।
इस घटना ने वंदे भारत ट्रेनों में खानपान की निगरानी और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांचने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों को परोसी जाने वाली सामग्री की एक्सपायरी डेट जांचना बुनियादी जिम्मेदारी है। खासकर ऐसी ट्रेनों में, जहां यात्रियों से प्रीमियम सुविधाओं के नाम पर अधिक किराया लिया जाता है।
फिलहाल इस मामले में रेलवे और आइआरसीटीसी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। संबंधित विभाग की जांच और कार्रवाई पर यात्रियों की नजर रहेगी।



