
जमशेदपुर। आगामी दुर्गा पूजा को लेकर जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति की विशेष बैठक शहर के मूर्तिकारों के साथ आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष अचिंतम गुप्ता ने की। इसमें मूर्तिकारों की समस्याओं और पर्यावरण संरक्षण दोनों ही मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई।


बैठक में समिति ने मूर्तिकारों से अपील की कि वे मूर्तियों को बनाने में इको-फ्रेंडली रंगों और प्राकृतिक पदार्थों का उपयोग करें, ताकि विसर्जन के दौरान नदी और तालाबों का जल प्रदूषित न हो। हानिकारक केमिकल और प्लास्टिक युक्त वस्तुओं से परहेज करने पर विशेष जोर दिया गया। समिति ने कहा कि पूजा के बाद मूर्तियों का विसर्जन जल में किया जाता है, इसलिए यह आवश्यक है कि ऐसे पदार्थों का इस्तेमाल किया जाए जो आसानी से घुलकर पर्यावरण को नुकसान न पहुंचाएं।
READ MORE :Jamshedpur News :नो हेलमेट-नो फ्यूल, CCTV से होगी सख्त निगरानी
इसके अलावा, समिति ने मूर्तिकारों से आग्रह किया कि वे मूर्तियों को हल्का बनाएं, ताकि विसर्जन घाटों पर जहां अधिक ढलान होती है, वहां विसर्जन की प्रक्रिया सुरक्षित ढंग से पूरी की जा सके। खासकर दुर्गा माता की प्रतिमा को पीछे से कपड़ा या साड़ी से ढकने की परंपरा का पालन करने की भी अपील की गई।
बैठक में मूर्तिकारों ने अपनी आर्थिक और सामाजिक स्थिति से समिति को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि वर्षों से इस पेशे से जुड़े होने के बावजूद उनकी आर्थिक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। लगातार मेहनत के बाद भी उन्हें जीवन-यापन में संघर्ष करना पड़ता है। मूर्तिकारों ने समिति से अनुरोध किया कि उन्हें अपनी मूर्तियों की बिक्री के लिए एक स्थायी और सुरक्षित स्थल उपलब्ध कराया जाए।
मूर्तिकारों ने यह भी शिकायत की कि कुछ पूजा समितियां अनावश्यक शर्तें थोपकर उन्हें परेशान करती हैं। इस पर अध्यक्ष अचिंतम गुप्ता ने कहा कि मूर्तिकारों की स्थिति सुधारने के लिए एक सशक्त संगठन का निर्माण आवश्यक है, ताकि उनकी आवाज उचित मंच तक पहुंच सके। मूर्तिकारों ने इस सुझाव को स्वीकार किया और निर्णय लिया कि वे जल्द ही एक संगठन बनाएंगे और उसका सरकारी निबंधन भी कराएंगे।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन समिति के महासचिव आशुतोष सिंह ने किया। बैठक में प्रमुख रूप से सुबोध गोराई, अमित पाल, एन.जे. पाल, निर्मल कुमार भगत, उदित भगत, सुमित गोप, बिल्टू चटर्जी, रवि कुमार, अयान पाल, संदीप दास, संदीप पाल, भूपेंद्र सिंह, रामबाबू सिंह, समीर होर, अशोक सिंहा, धर्मेंद्र प्रसाद, प्रदीप दास, शिव शंकर सिंह समेत कई लोग उपस्थित रहे


