जमशेदपुर
बोड़ाम प्रखंड के पहाड़पुर, कुइयानी एवं बोटा पंचायतों का उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान ने भ्रमण कर विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। पहाड़पुर ग्राम पंचायत अंतर्गत सबर एवं पहाड़िया टोला में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत आवास निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। इस दौरान निर्माण कार्य की प्रगति, उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता की जांच की गई तथा लाभुकों से संवाद कर निर्धारित समय में कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। इसके पश्चात कुइयानी पंचायत के बागड़ा गांव में अबुआ आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवास का निरीक्षण किया गया और संबंधित पंचायत सचिव को लंबित घरों को समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के क्रम में ग्राम कोइरा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर केंद्र बंद पाया गया।
बोटा ग्राम पंचायत अंतर्गत वन धन विकास केंद्र का निरीक्षण किया गया, जहां जेएसएलपीएस से जुड़ी सखी मंडल की महिलाएं मधुमक्खी पालन का कार्य कर रही हैं। उप विकास आयुक्त ने केंद्र की गतिविधियों को और विस्तार देने पर बल दिया। उन्होंने मधु के संग्रह, ब्रांडिंग, शुद्धिकरण, बॉटलिंग और बिक्री को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता बताई। साथ ही केंद्र से सालाना एक करोड़ रुपये के टर्नओवर का लक्ष्य रखने की बात कही।
बोटा पंचायत में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत पहाड़िया जनजाति के निर्माणाधीन आवास का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पाया गया कि आवास का स्वीकृति फॉरेस्ट भूमि पर किया गया है तथा लाभुकों को वन विभाग से नोटिस प्राप्त हुआ है। इस पर प्रखंड विकास पदाधिकारी बोड़ाम को सभी नोटिस की प्रतियां संलग्न कर जिला कार्यालय को अग्रतर कार्रवाई हेतु भेजने का निर्देश दिया गया।
मनरेगा योजना के अंतर्गत आम बागवानी, बिरसा सिंचाई कूप तथा पोटो हो खेल मैदान का भी निरीक्षण किया गया। पोटो हो खेल मैदान में स्कोर बोर्ड, चेंजिंग रूम एवं शौचालय निर्माण कराने के निर्देश दिए गए।
READ MORE :Jamshedpur News :आसनसोल से रांची तक की शहीदी यात्रा यूट्यूब पर होगी लाइव
निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री किकू महतो, पंचायत सचिव, जिला आवास समन्वयक, जिला प्रशिक्षण समन्वयक, प्रखंड समन्वयक, ग्राम रोजगार सेवक एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।





