
जमशेदपुर: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर जमशेदपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। विधायक पूर्णिमा साहू की मौजूदगी में बारीडीह और बिरसानगर में आयोजित कार्यक्रमों में स्वच्छता, सेवा और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
अभियान के दौरान विधायक ने स्वच्छता मित्रों के योगदान को रेखांकित करते हुए उनका सम्मान किया। बारीडीह के मुखी बस्ती में स्वच्छता मित्रों के चरण धोए गए, पुष्पवर्षा की गई और उन्हें सम्मानित किया गया। वहीं बिरसानगर में भी स्वच्छता कर्मियों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।
READ MORE :Gandhi Jayanti 2026 Special:गांधी कभी मरा नहीं करते, गांधी कभी मर नहीं सकते
बारीडीह में गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद चला सफाई अभियान
बारीडीह के 10 नंबर बस्ती स्थित मुखी बस्ती में कार्यक्रम की शुरुआत विधायक पूर्णिमा साहू द्वारा महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
इस दौरान स्थानीय लोगों के साथ स्वच्छता मित्रों की भूमिका को भी रेखांकित किया गया। विधायक ने स्वच्छता कर्मियों के चरण धोकर, पुष्पवर्षा कर और सम्मानित कर उनके प्रति आभार जताया।
बिरसानगर में भी स्वच्छता और जागरूकता अभियान
बिरसानगर जोन नंबर 8 स्थित संत रविदास कॉलोनी में भी स्वच्छता सह जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। यहां स्वच्छता मित्रों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया और पुष्पवर्षा के माध्यम से उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
दोनों स्थानों पर स्थानीय परिवारों के बीच डस्टबिन का वितरण भी किया गया। लोगों से घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्र को साफ रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की गई।
पूर्णिमा साहू बोलीं- स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ना जरूरी
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि महात्मा गांधी स्वच्छता को स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार मानते थे। उन्होंने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और लोगों को अपने घर, मोहल्ले तथा शहर की स्वच्छता में भागीदार बनाना है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता मित्र दिन-रात मेहनत कर शहर को स्वच्छ रखने में योगदान देते हैं। उनके सम्मान और प्रोत्साहन के साथ स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ना गांधी जयंती के संदेश को आगे बढ़ाने का एक माध्यम है।
भाजपा नेताओं और स्थानीय लोगों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, महानगर उपाध्यक्ष संजीव सिंह, बारीडीह मंडल अध्यक्ष कुमार अभिषेक, बिरसानगर मंडल अध्यक्ष बापन बनर्जी समेत भाजपा के अन्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अभियान में स्थानीय निवासियों और बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी भाग लिया।


