
जमशेदपुर।

जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की विधायक पूर्णिमा साहू ने बुधवार को बर्मामाइंस मंडल के अंतर्गत स्थित लक्ष्मीनगर स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। क्षेत्रवासियों से लगातार मिल रही गंभीर शिकायतों के बाद अचानक किए गए इस निरीक्षण से सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाल जमीनी हकीकत सामने आ गई। स्वास्थ्य केंद्र की दयनीय स्थिति को देखकर विधायक ने गहरी नाराजगी जताई और मौके से ही जिम्मेदार अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
READ MORE :CHAIBASA NEWS: कोल्हान विश्वविद्यालय की छात्रों को बड़ी सौगात, UG आवेदन शुल्क में 75% की भारी कटौती
भीषण गर्मी में तड़प रहे मरीज, मूलभूत सुविधाओं का अभाव
औचक निरीक्षण के दौरान विधायक पूर्णिमा साहू ने अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से बात की और वहां उपलब्ध सुविधाओं व चिकित्सा संसाधनों की विस्तृत जानकारी ली। जांच में पाया गया कि स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों के लिए न्यूनतम सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं थीं। भीषण गर्मी के बावजूद मरीजों और उनके परिजनों के लिए पर्याप्त पंखों तक की व्यवस्था नहीं थी। इसके अलावा, अस्पताल में बुनियादी दवाओं की भारी कमी पाई गई, मरीजों के बेड पर बिछाने के लिए साफ बेडशीट नहीं थी और उपचार से जुड़े कई महत्वपूर्ण चिकित्सा उपकरण खराब पड़े हुए थे। विधायक ने कहा कि ऐसी अव्यवस्था के बीच आम जनता को गुणवत्तापूर्ण इलाज मिलना पूरी तरह नामुमकिन है।
फंड के इस्तेमाल पर मांगा जवाब, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
स्वास्थ्य केंद्र की जर्जर स्थिति को देखकर विधायक पूर्णिमा साहू ने तुरंत जिले के सिविल सर्जन और जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के उप नगर आयुक्त कृष्णा कुमार से फोन पर बात की। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की कमियों पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए सभी बुनियादी सुविधाओं को तत्काल बहाल करने और खराब उपकरणों की मरम्मत कराने का निर्देश दिया। उन्होंने उप नगर आयुक्त से पिछले एक वर्ष के दौरान इस स्वास्थ्य केंद्र के लिए आवंटित की गई राशि और उसके उपयोग की पूरी रिपोर्ट भी मांगी।
चार महीने से डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को नहीं मिला वेतन
निरीक्षण के दौरान एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया। स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों ने विधायक को बताया कि उन्हें पिछले चार महीनों से वेतन नहीं मिला है। इस गंभीर मानवीय और प्रशासनिक लापरवाही पर विधायक ने सिविल सर्जन को कड़े निर्देश दिए कि कर्मचारियों के बकाया वेतन का भुगतान तुरंत सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे बिना किसी मानसिक तनाव के मरीजों की सेवा कर सकें।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: मंदिरों में चढ़ाए गए फूलों से संवर रही महिलाओं की जिंदगी, कचरे से बना रही हैं खुशबूदार धूप
लापरवाही नहीं होगी स्वीकार, व्यवस्था सुधारें या कार्रवाई भुगतें
विधायक ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि जनसामान्य के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ और मरीजों की उपेक्षा किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि लक्ष्मी नगर स्वास्थ्य केंद्र की अव्यवस्थाओं में जल्द से जल्द सुधार नहीं हुआ, तो वे इस पूरे मामले को राज्य सरकार और संबंधित उच्चाधिकारियों के समक्ष रखेंगी। उन्होंने कहा कि जनता को सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों को हर हाल में जवाब देना होगा।



