जमशेदपुर: पर्यावरण संरक्षण और नैतिक मूल्यों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से न्यू बाराद्वारी स्थित पीएम श्री उत्क्रमित पीपुल्स अकादमी +2 विद्यालय एवं जिला पुस्तकालय के संयुक्त तत्वावधान में वृक्षारोपण सह जीवन-मूल्य संवर्धन कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंगलवार, 3 नवंबर 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में अतिथियों ने विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण, अनुशासन, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्व समझाया।
कार्यक्रम में शहर के प्रसिद्ध समाजसेवी एवं विहंगम योग के प्रांतीय अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं शशि शेखर प्रसाद सिंह और टी. शशि कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
पौधों की तरह जीवन-मूल्यों को भी देना होगा संरक्षण
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राजदेव सिन्हा ने वृक्षारोपण और जीवन-मूल्यों के बीच गहरे संबंध को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एक पौधे को विकसित होने के लिए देखभाल, संरक्षण और अनुकूल वातावरण की जरूरत होती है, उसी प्रकार मानवीय मूल्यों का विकास भी संस्कार, संवेदना और निरंतर प्रयास से संभव है।
मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने भी पर्यावरण संरक्षण और जीवन में नैतिक मूल्यों की भूमिका पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों के प्रति निष्ठा एक बेहतर समाज के निर्माण का आधार है।
READ MORE :Indian Railway:छठ-दिवाली पर रेलवे का तोहफा! गोंदिया-पटना स्पेशल ट्रेन 6 नवंबर से, रांची-बोकारो-धनबाद समेत इन स्टेशनों पर ठहराव
शिक्षा के साथ चरित्र निर्माण भी जरूरी : प्राचार्य
विद्यालय के प्राचार्य चन्द्रदीप पाण्डेय ने वर्तमान समय में जीवन-मूल्यों के क्षरण पर चिंता जताई। उन्होंने विद्यार्थियों में नैतिकता, अनुशासन, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना और रोजगार प्राप्त करना नहीं है, बल्कि जिम्मेदार, संवेदनशील और चरित्रवान नागरिक तैयार करना भी है।
READ MORE :RAILWAY NEWS:धनबाद और बोकारो के रास्ते दुर्ग से बरौनी के बीच चलेगी दिवाली-छठ स्पेशल ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी कंफर्म बर्थ
विद्यालय परिसर में किया गया पौधारोपण
कार्यक्रम का संचालन सुषमा ने किया। अंत में मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। इस अवसर पर पुस्तकालयाध्यक्ष कौशिक दत्ता सहित विद्यालय के सभी शिक्षक, पाठक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन पौधारोपण के साथ हुआ। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि जिस तरह पौधों की देखभाल से पर्यावरण सुरक्षित रहता है, उसी तरह अच्छे संस्कार और जीवन-मूल्य समाज को मजबूत बनाते हैं।

