
जमशेदपुर:
झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष (दर्जा-राज्य मंत्री) श्री प्रणोष सोलोमन और माननीय सदस्य श्री एकरारूल हसन आज जमशेदपुर प्रवास पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जमशेदपुर परिसदन में विभिन्न अल्पसंख्यक समुदायों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएँ सुनीं।


बैठक में धार्मिक प्रताड़ना और भेदभाव के मुद्दे प्रमुख रूप से उठे। समुदाय के प्रतिनिधियों ने कहा कि हाल के दिनों में जमशेदपुर में धार्मिक उत्पीड़न की घटनाएँ बढ़ी हैं और प्रशासनिक लापरवाही ने गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।
ऑल इंडिया क्रिस्चन माइनॉरिटी फ्रंट के अध्यक्ष श्री अजित तिर्की ने कहा कि यह स्थिति मानवाधिकारों का उल्लंघन है और भारतीय संविधान के अनुच्छेद 25 से 28 में दिए गए मूल अधिकारों के खिलाफ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि धर्म के नाम पर हिंसा और भेदभाव लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर करता है।
इस अवसर पर जमशेदपुर हेडक्वाटर डीएसपी भोला प्रसाद ने आश्वासन दिया कि पुलिस किसी भी परिस्थिति में अन्याय नहीं होने देगी।
बैठक में बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समुदाय के लोग मौजूद रहे और अपनी शिकायतें सीधे आयोग के समक्ष रखीं। आयोग के अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी मामलों की गंभीरता से जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर अल्पसंख्यक कमिटी सदस्य इक्वरारुल हसन (आलम), सामाजिक कार्यकर्ता दीपक रंजीत, गौतम बोस और बिन्दे सोरेन भी उपस्थित रहे।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :गणेशोत्सव पर काले ने टेका माथा, समाज में एकता व सद्भाव का दिया संदेश ।
बैठक के बाद उपाध्यक्ष श्री प्रणोष सोलोमन, पूर्व शिक्षा मंत्री स्व. रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि देने उनके पैतृक आवास घोड़ाबांधा पहुँचे। उन्होंने स्व. सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और परिवारजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की।


