
जमशेदपुर: शहर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केनरा बैंक शाखा में गुरुवार को दिनदहाड़े लूट की एक अत्यंत सनसनीखेज और बड़ी वारदात सामने आई है। बैंक खुलने के कुछ ही देर बाद करीब पांच हथियारबंद अपराधी बैंक के अंदर घुस गए और कर्मचारियों को अपने कब्जे में ले लिया।
हथियार के बल पर बनाया बंधक, लाखों की लूट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने हथियार के बल पर बैंक कर्मचारियों को धमकाते हुए नकदी और बैंक में रखे सोने के जेवरात अपने कब्जे में ले लिए। प्रारंभिक आकलन के मुताबिक बदमाश करीब 50 लाख रुपये नकद के साथ-साथ भारी मात्रा में सोने के आभूषण लूटकर फरार हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी पैदल ही मौके से निकल गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद बैंक कर्मियों और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल मच गया।
पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी टीम
घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस के साथ-साथ जिले के वरीय अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच शुरू कर दी। बैंक परिसर तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने बैंक कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: SSP डॉ. एहतशाम वकारिब ने कहा- जल्द लागू होगा ऑटोमैटिक चालान सिस्टम, डोबो में बनेगा पुलिस पिकेट
केनरा बैंक मुख्यालय, बेंगलुरु ने जारी किया आधिकारिक बयान
गोलमुरी शाखा में हुई इस डकैती के संबंध में केनरा बैंक प्रबंधन, मुख्यालय बेंगलुरु ने अपना आधिकारिक बयान जारी किया है। बैंक प्रबंधन ने कहा:
“हमारे ग्राहकों और कर्मचारियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मामला फिलहाल पुलिस जांच के अधीन है और हम अधिकारियों के साथ पूरी तरह सहयोग कर रहे हैं। हमारी प्राथमिकता ग्राहकों की गिरवी रखी संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। हम सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा कर रहे हैं और आवश्यक उपायों को तुरंत लागू करेंगे।”

