जमशेदपुर: भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर कदमा स्थित ब्रह्मलोकधाम में 2 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मोनू भट्टाचार्य जी के आह्वान पर शहर के श्रद्धालु भारी संख्या में उपस्थित होकर भक्ति, प्रेम और आनंद के इस पावन पर्व का हिस्सा बने। महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को गुरुजी का दिव्य सान्निध्य भी प्राप्त हुआ।
सुबह से शाम तक चला अनुष्ठान, लगा छप्पन भोग
कार्यक्रम की शुरुआत अहले सुबह 5 बजे ‘स्मरणम्’ के साथ हुई। इसके बाद सुबह 7:15 बजे भगवान श्रीकृष्ण का मनमोहक श्रृंगार किया गया। सुबह 7:30 बजे हवन और 8:45 बजे धूमधाम से नगर कीर्तन निकाला गया। भगवान श्रीकृष्ण को सुबह 9:15 बजे विशेष रूप से छप्पन भोग अर्पित किए गए। वहीं, सायंकालीन कार्यक्रम के तहत शाम 5 बजे मधु और दूध से भगवान के चरणों का वंदन किया गया और रात 8 बजे महाभोग का आयोजन हुआ। पूरे दिन विभिन्न धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों में श्रद्धालु श्रीकृष्ण की भक्ति में पूरी तरह सराबोर नजर आए।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :जुस्को स्कूल कदमा का भव्य वार्षिक समारोह संपन्न, ‘आत्मनिर्भर भारत’ थीम पर बच्चों ने जीता सबका दिल
पीले वस्त्रों में सजे श्रद्धालु, आकर्षक सजावट ने मोहा मन
जन्माष्टमी महोत्सव के लिए आयोजन समिति द्वारा एक विशेष ड्रेस कोड निर्धारित किया गया था। इसमें पुरुष श्रद्धालुओं से पीले रंग की धोती-कुर्ता तथा महिला श्रद्धालुओं से पीली साड़ी और पीला ब्लाउज पहनकर आने का अनुरोध किया गया था, जिसका भक्तों ने उत्साहपूर्वक पालन किया।
आयोजकों ने बताया कि ब्रह्मलोकधाम परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पूरे दिन धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम चलता रहा। कदमा और आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं में इस महोत्सव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।



