जमशेदपुर: जुस्को स्कूल, कदमा द्वारा दिनांक 3 सितंबर 2026 को कुडी महंती ऑडिटोरियम में सत्र 2025-26 के लिए सीनियर स्कूल (कक्षा 9 से 12) के वार्षिक समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर विद्यार्थियों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और मेधावी छात्र-छात्राओं व शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
‘आत्मनिर्भर भारत’ की थीम पर शानदार प्रस्तुति
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ जेम फाउंडेशन की मैनेजिंग ट्रस्टी व मुख्य अतिथि श्रीमती रुचि नरेंद्रन, विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती झुमझुमी नंदी, उपप्रधानाचार्या श्रीमती आनंदिता रॉय तथा कॉर्डिनेटर कमर अली व सीमा तिवारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा ‘आत्मनिर्भर भारत’ की प्रेरणादायी थीम पर अत्यंत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसने सभी दर्शकों का मन मोह लिया। तत्पश्चात विद्यालय की प्रधानाचार्या महोदया ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और वर्ष भर की विशिष्ट उपलब्धियों को सभी के साथ साझा किया।
135 मेधावी विद्यार्थी और उत्कृष्ट शिक्षिकाएं हुईं सम्मानित
समारोह के दौरान कक्षा IX से XII तक के कुल 135 मेधावी विद्यार्थियों को विभिन्न श्रेणियों में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया। इन विद्यार्थियों को ऑल राउंडर, स्टार अचीवर, जनरल प्रोफिशिएंसी, 100% उपस्थिति, मोस्ट हेल्पफुल, बेस्ट इंडोर व आउटडोर खेल, टेबल टेनिस, योगा, आर्चरी, स्कूल टॉपर, विषय टॉपर तथा 90% से अधिक अंक प्राप्त करने जैसी विशिष्ट श्रेणियों में सम्मान मिला। उपस्थित गणमान्य अतिथियों एवं प्रधानाचार्या ने पुरस्कृत विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसके साथ ही, विद्यालय की शिक्षिकाओं को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए नवाजा गया। उन्हें 10 वर्ष की समर्पित सेवा पुरस्कार, ‘प्लेथोरा जूनियर’, ‘सीनियर’, ’25 पुरस्कार’ और ‘कैम्पस बज पुरस्कार’ जैसे विशिष्ट सम्मानों से अलंकृत व सम्मानित किया गया।वार्षिक समारोह (सीनियर स्कूल)-v2

