जमशेदपुर: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पूरा शहर भक्ति और उल्लास के रंगों में सराबोर है। इसी कड़ी में सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर परिसर में सूर्य मंदिर समिति के तत्वावधान में तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार को सिदगोड़ा के बिरसा मुंडा टाउन हॉल में महोत्सव के दूसरे दिन सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता के ऑडिशन का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के युवाओं और बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
25 टीमों ने लिया हिस्सा, शानदार प्रदर्शन से 7 टीमें फाइनल में चयनित
नृत्य प्रतियोगिता के ऑडिशन में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 25 डांस ग्रुप्स ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति और नृत्य नाटिका से सभी दर्शकों और निर्णायक मंडली का मन मोह लिया। बेहतरीन प्रस्तुतियों के आधार पर 7 डांस ग्रुप्स का चयन फाइनल मुकाबले के लिए किया गया है।
इस अवसर पर मुख्य रूप से राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सह सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास, संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह और अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और उनकी कला की सराहना की। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता के प्रभारी दिनेश कुमार ने किया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :टाटा स्टील ग्रोथ शॉप (TGS) में 2.75 करोड़ का बोनस समझौता, कर्मचारियों को मिलेंगे अधिकतम 3.30 लाख रुपये
विभिन्न थीम पर प्रस्तुति, विजेताओं को मिलेगी नकद पुरस्कार राशि
ऑडिशन के दौरान प्रतिभागियों ने भारत देश, भारतीय संस्कृति, देशभक्ति, नारी उत्पीड़न, कृष्ण लीला और पंजाबी लोकनृत्य जैसी विभिन्न थीम एवं सामाजिक संदेशों पर मनमोहक प्रस्तुतियां देकर जागरूकता का संदेश दिया।
समिति ने बताया कि सभी 7 चयनित डांस ग्रुप्स शुक्रवार शाम 5 बजे से सूर्य मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले फाइनल मुकाबले में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को क्रमशः 20 हजार, 15 हजार और 10 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। अन्य प्रतिभागी टीमों को भी प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके साथ ही, शुक्रवार शाम को ही ‘बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता’ का फाइनल भी संपन्न होगा।


