
जमशेदपुर।
भाजपा की फायरब्रांड नेत्री और पश्चिम बंगाल की नेता अग्नि मित्रा पाल ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का यह दावा कि स्वास्थ्य साथी योजना से बंगाल की जनता को राहत मिली है, पूरी तरह हास्यास्पद और भ्रामक है।
अग्नि मित्रा पाल ने कहा कि ममता सरकार सिर्फ झूठे प्रचार और छवि सुधारने में लगी है, जबकि जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की हालत बेहद खराब है। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति सच में पश्चिम बंगाल के अस्पतालों की स्थिति देखना चाहता है, तो उसे वहां के सरकारी अस्पतालों का दौरा करना चाहिए। वहां की स्थिति देखकर खुद समझ में आ जाएगा कि जनता को किस हालात में रहना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल की स्वास्थ्य साथी योजना सिर्फ कागजों पर चल रही है। आम जनता को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। गरीबों को इलाज के लिए आज भी सरकारी अस्पतालों के चक्कर काटने पड़ते हैं, लेकिन उन्हें सही सुविधा नहीं मिलती। भाजपा नेत्री ने कहा कि ममता बनर्जी ने स्वास्थ्य के नाम पर जो सपने दिखाए, वह झूठे वादे साबित हुए हैं।
अग्नि मित्रा पाल ने कहा कि राज्य सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में भारी भ्रष्टाचार फैलाया है। कई जिलों के अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी, दवाइयों का अभाव, और स्वच्छता की बदतर स्थिति है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को जनता को गुमराह करने के बजाय वास्तविक सुधार पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि जब कोई मरीज अस्पताल पहुंचता है, तो वहां से उसे निजी क्लिनिकों में भेज दिया जाता है, जहां महंगी फीस ली जाती है। इस प्रकार, स्वास्थ्य साथी योजना आम जनता के लिए राहत नहीं बल्कि एक बोझ बन गई है।
READ MORE :Jamshedpur News :भदुआ में भूमिज-मुंडा समाज का मिलन समारोह, शहीद पार्क बनाने की घोषणा
अग्नि मित्रा पाल ने ममता बनर्जी सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा आने वाले समय में इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य बंगाल की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवा दिलाना है और ममता सरकार की पोल खोलना है।
उन्होंने जनता से अपील की कि वे ममता सरकार के भ्रामक प्रचार से दूर रहें और सच्चाई को पहचानें। जनता की भलाई के लिए भाजपा हमेशा तत्पर है और हर स्तर पर लड़ाई लड़ेगी।

