
जमशेदपुर।
जमशेदपुर पुलिस ने चोरी की बड़ी घटनाओं पर शिकंजा कसते हुए एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गोलमुरी और बिरसानगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार कर जमशेदपुर लाया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 70 लाख रुपये मूल्य के चोरी के सामान बरामद किए हैं।

चोरी के सामान की बरामदगी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के पास से भारी मात्रा में चांदी के जेवरात, ताला काटने वाला कटर, एक देशी कट्टा और जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। इनकी गिरफ्तारी से बिरसानगर और गोलमुरी थाना क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं का खुलासा हो गया है।
एसएसपी ने किया खुलासा
जिले के एसएसपी पीयूष पांडे ने प्रेस वार्ता कर बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपी बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के अलग-अलग इलाकों में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और सुनियोजित तरीके से घटनाओं को अंजाम देता था।
नेपाल भागकर जुआ खेलने की बात आई सामने
एसएसपी ने बताया कि जमशेदपुर में बड़ी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के बाद आरोपी नेपाल फरार हो गए थे। वहां चोरी का सामान बेचकर उन्होंने जुआ खेला। जब पैसे खत्म हो गए तो तीनों आरोपी पटना में शरण लेकर रहने लगे, जहां से पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया।
SIT का गठन, तकनीकी जांच से गिरफ्तारी
आरोपियों की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पटना में छापेमारी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
गूगल मैप से करते थे बंद घरों की पहचान
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि वे गूगल मैप की मदद से रिहायशी इलाकों में लंबे समय से बंद पड़े घरों की पहचान करते थे। इसके बाद ताला काटकर चोरी की वारदात को अंजाम देते और तुरंत शहर छोड़कर फरार हो जाते थे।
जेवरात गलाकर बेचने का तरीका
आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि चोरी किए गए जेवरात को गलाकर बेच दिया जाता था, ताकि उनकी पहचान न हो सके और पुलिस तक सुराग न पहुंचे।
न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की भी गहन जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
READ MORE :Jamshedpur News :नए साल में मिलेगा भाजपा को नया जिला अध्यक्ष
शहर में चोरी पर लगेगी लगाम
जमशेदपुर पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह के पकड़े जाने से शहर में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी और लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।


