
जमशेदपुर। भोजपुरी लोकगायक गोपाल राय ने कहा कि भोजपुरी अब सिर्फ एक भाषा नहीं, बल्कि सात समंदर पार बसे करोड़ों लोगों के दिलों की धड़कन बन चुकी है। मॉरीशस, फिजी और सूरीनाम जैसे देशों में भोजपुरी गीत-संगीत के जरिए लोग अपनी मिट्टी, पूर्वजों और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े रहते हैं। वे जमशेदपुर में संपूर्ण भोजपुरी विकास मंच की ओर से सम्मानित किए जाने के बाद अपनी बात रख रहे थे।



गोपाल राय बिहार दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जमशेदपुर पहुंचे हैं। इस दौरान मंच के महामंत्री प्रदीप सिंह भोजपुरिया ने उन्हें सम्मानित किया। गोपाल राय ने सम्मान के लिए आभार जताते हुए कहा कि भोजपुरी कलाकारों को विदेशों में कार्यक्रम करने के कई अवसर प्रदीप सिंह भोजपुरिया के माध्यम से मिले हैं।
READ MORE :Jamshedpur News :परमहंस लक्ष्मीनाथ गोस्वामी समिति में महारक्तदान, 132 यूनिट संग्रह
विदेशों में भोजपुरी कलाकारों की खास पहचान
गोपाल राय ने कहा कि मॉरीशस, फिजी और सूरीनाम में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों के लिए भोजपुरी संगीत अपनी जड़ों से जुड़ने का माध्यम है। वहां ढोलक की थाप और भोजपुरी गीतों की गूंज केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखने का जरिया है।
उन्होंने कहा कि भरत शर्मा व्यास के भजन और लोकगीत प्रवासी समाज को भावनात्मक रूप से अपनी संस्कृति से जोड़ते हैं। वहीं मनोज तिवारी ने भोजपुरी को लोकमंच से व्यापक पहचान दिलाई है। रवि किशन ने फिल्मों और अपने व्यक्तित्व के जरिए भोजपुरी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में योगदान दिया है।
READ MORE:JAMSHEDPUR NEWS :चाणक्य कैरियर एकेडमी का स्कॉलरशिप टेस्ट, 145 छात्र शामिल
नई पीढ़ी में भी भोजपुरी संगीत का क्रेज
लोकगायक ने कहा कि पवन सिंह और खेसारी लाल यादव जैसे कलाकारों के गीत विदेशों में रहने वाले युवाओं के बीच भी लोकप्रिय हैं। मॉरीशस की शादियों, फिजी के त्योहारों और सूरीनाम के सांस्कृतिक आयोजनों में भोजपुरी संगीत की मौजूदगी इसकी लोकप्रियता को दर्शाती है। वहीं देवी जैसी लोकगायिकाएं भोजपुरी के भक्ति, संवेदना और लोकजीवन से जुड़े पक्ष को विदेशों तक पहुंचा रही हैं।
उन्होंने कहा कि भोजपुरी आज विदेशों में सम्मान, स्वाभिमान और सांस्कृतिक गर्व की पहचान बन चुकी है। यह भाषा अलग-अलग पीढ़ियों को जोड़ने के साथ दुनिया के किसी भी कोने में रहने वाले लोगों को अपनी जड़ों से जुड़े होने का एहसास कराती है।
इस अवसर पर संपूर्ण भोजपुरी विकास मंच के महामंत्री प्रदीप सिंह भोजपुरिया के अलावा कौशलेश तिवारी, राजेश पांडे, धर्मबीर कुमार मुन्ना सहित अन्य लोग उपस्थित थे।




