जमशेदपुर । उलीडीह पुलिस ने शहर में एक बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की साजिश को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया है । वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) को मिली एक पुख्ता गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने ओलीडीह ओपी क्षेत्र से दो शातिर अपराधियों को हथियारों के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार किया है ।
वसुन्धरा स्टेट के पास मैदान में रची जा रही थी वारदात की रूपरेखा
14 अप्रैल 2026 की रात्रि जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि ओलीडीह ओपी क्षेत्र के अंतर्गत वसुन्धरा स्टेट स्थित रिपीट कॉलोनी के मैदान में कुछ अपराधी आपराधिक मंशा के साथ इकट्ठा हुए हैं । सूचना यह थी कि ये सभी मिलकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं । इस गंभीर सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक पटमदा के नेतृत्व में तुरंत एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया । टीम ने योजनाबद्ध तरीके से रिपीट कॉलोनी के मैदान में घेराबंदी की और छापामारी करते हुए दो व्यक्तियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया ।
देशी पिस्तौल, रिवाल्वर और जिंदा गोलियां बरामद
गिरफ्तार अपराधियों की तलाशी लेने पर पुलिस को उनके पास से हथियारों का जखीरा मिला । पुलिस द्वारा जप्त किए गए सामानों में एक देशी पिस्तौल , एक देशी रिवाल्वर , 7.65 mm की तीन जिंदा गोलियां (अदद) और एक सफेद रंग की स्कूटी शामिल है ।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: जुस्को स्कूल साउथ पार्क में मेगा फायर सेफ्टी ड्रिल का आयोजन, 380 छात्रों ने सीखी आपातकालीन सुरक्षा की बारीकियां
साजन मिश्रा पर दर्ज हैं हत्या के प्रयास समेत 12 संगीन मामले
पुलिस की गिरफ्त में आए अपराधियों की पहचान अभियांशु मिश्रा उर्फ साजन मिश्रा (निवासी- साधु कॉलोनी, डिमना बस्ती, थाना ओलीडीह) और मो० इरशाद उर्फ केंचू (निवासी- रोड नं- 14, मंगल कॉलोनी, थाना मानगो) के रूप में हुई है ।
मुख्य आरोपी अभियांशु मिश्रा उर्फ साजन मिश्रा का एक लंबा और बेहद संगीन आपराधिक इतिहास रहा है । उस पर मानगो, एमजीएम, परसुडीह, घाटशिला और ओलीडीह थानों में कुल 12 मामले दर्ज हैं । इन मामलों में हत्या का प्रयास (धारा 307), रंगदारी (Extortion), आर्म्स एक्ट, डकैती की योजना, और अपहरण (Kidnapping) जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं । वहीं, दूसरा आरोपी मो० इरशाद उर्फ केंचू भी पूर्व में जेल की हवा खा चुका है; वह साल 2021 में मानगो थाने से मादक पदार्थ (NDPS) से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार हुआ था ।
छापामारी दल में शामिल जांबाज पुलिसकर्मी
इस पूरी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाले पुलिस दल में पुलिस उपाधीक्षक पटमदा बचनदेव कुजूर , पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-1 भोला प्रसाद , ओलीडीह ओपी प्रभारी मो० शारिक अली , अनुसंधानकर्ता रविन्द्र पाण्डेय (पु०अ०नि०) , विजय कुमार (पु०अ०नि०) , विवेक पाल (पु०अ०नि०) , सामुएल मार्क किस्कु (पु०अ०नि०) , नरेन्द्र राय (स०अ०नि०) और ओलीडीह ओपी के सशस्त्र बल के जवान मुख्य रूप से शामिल थे




