
जमशेदपुर: डीबीएमएस कॉलेज ऑफ एजुकेशन, कदमा की एनएसएस यूनिट-1 की ओर से गोद लिए गए गांव धनचटानी में आयोजित विशेष शिविर के समापन दिवस पर नशामुक्ति जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक और रचनात्मक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित करने के कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों और विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक रहने का संदेश दिया।
50 एनएसएस स्वयंसेवकों ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ
कार्यक्रम की शुरुआत वीणापाणि हाई स्कूल में नशामुक्ति जागरूकता अभियान से हुई। एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर पूनम कुमारी, डॉ. सुरीना सिंह भुल्लर और बिरेन्द्र पांडेय के नेतृत्व में 50 एनएसएस स्वयंसेवकों ने विद्यालय के विद्यार्थियों एवं ग्रामीण समुदाय के लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई।
इस दौरान नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया गया।
नुक्कड़ नाटक से मोबाइल की लत और लैंगिक भेदभाव पर संदेश
जागरूकता कार्यक्रम के बाद विद्यालय परिसर में दो नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया गया। पहले नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मोबाइल फोन के अत्यधिक इस्तेमाल और उसके दुष्प्रभावों को दर्शाया गया। विद्यार्थियों को मोबाइल के संतुलित उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
दूसरा नुक्कड़ नाटक लैंगिक भेदभाव पर आधारित था। इसके जरिए महिला और पुरुष के बीच समानता, समान व्यवहार तथा सामाजिक भेदभाव को दूर करने का संदेश दिया गया।
READ MORE :SOUTH EASTERN RAILWAY :झारखंड-बिहार के यात्रियों के लिए बड़ी खबर! पहली बार टाटानगर से तिलैया-राजगीर के रास्ते बक्सर तक ट्रेन
ड्राइंग, क्विज और नृत्य प्रतियोगिता के विजेता सम्मानित
एनएसएस स्वयंसेवकों की ओर से 6 अक्टूबर को विद्यालय में ड्राइंग, क्विज और नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। विद्यार्थियों ने इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेष शिविर के समापन दिवस पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मकता, ज्ञान, कलात्मक क्षमता और प्रतिभा को प्रोत्साहित करना था।
‘नॉट मी बट यू’ की भावना से समाजसेवा
एनएसएस के आदर्श वाक्य ‘Not Me But You’ (मैं नहीं, आप) की भावना के अनुरूप स्वयंसेवकों ने नशामुक्ति, सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूकता और विद्यार्थियों की प्रतिभा को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभाई। शिविर के माध्यम से स्वयंसेवकों को ग्रामीण समुदाय के साथ जुड़कर सामाजिक सेवा और उत्तरदायित्व निभाने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में वीणापाणि हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष सहयोग रहा।
शिविर की रूपरेखा एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर पूनम कुमारी ने कॉलेज की सचिव श्रीप्रिया धर्मराजन, सह सचिव सुधा दिलीप, प्राचार्य डॉ. मोनिका उप्पल, उप प्राचार्या डॉ. पामिला घोष दत्ता, शिक्षकगण और सहायक कर्मचारियों के सहयोग से तैयार की थी।


