
आदित्यपुर: आदित्यपुर-1 के एम टाइप क्षेत्र में श्रीश्री दुर्गा पूजा कमेटी, प्रवीण सिंह सेवा संस्थान का भव्य दुर्गा पूजा पंडाल लगभग तैयार हो गया है। पंडाल को अंतिम रूप देने का काम तेजी से चल रहा है। इसका उद्घाटन 11 अक्टूबर को शाम 6 बजे किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह सहित अन्य प्रमुख अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। उद्घाटन के बाद पूजा पंडाल को आम लोगों के दर्शन के लिए खोल दिया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश के प्राचीन शिव मंदिर की थीम पर बना पंडाल
पूजा कमेटी के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि इस वर्ष पंडाल का निर्माण हिमाचल प्रदेश के प्राचीन और भव्य शिव मंदिर की थीम पर कराया जा रहा है। इसके लिए बंगाल से आए कारीगर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
पंडाल की भव्य संरचना और आकर्षक कलाकारी इस बार श्रद्धालुओं एवं दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। आयोजकों को उम्मीद है कि मंदिर की स्थापत्य शैली पर आधारित यह पंडाल लोगों को अपनी ओर आकर्षित करेगा।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीसी-एसएसपी ने 9 इलाकों के पंडालों का किया निरीक्षण
अंतिम तैयारियों में जुटे आयोजक
उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर पूजा कमेटी की ओर से तैयारियां अंतिम चरण में हैं। पंडाल को आकर्षक रूप देने के साथ ही श्रद्धालुओं के स्वागत की व्यवस्था की जा रही है। 11 अक्टूबर की शाम उद्घाटन के बाद आम लोग पंडाल में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन कर सकेंगे।
प्रवीण सिंह सेवा संस्थान का यह पूजा पंडाल आदित्यपुर में दुर्गापूजा के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहने की उम्मीद है।

