जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित परमहंस लक्ष्मीनाथ गोस्वामी समिति के तत्वावधान में रविवार, 1 नवंबर 2026 को मिथिला पंचांग के अनुसार वर्ष 2027 के कैलेंडर का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कैलेंडर का विमोचन किया। इस मौके पर मिथिला समाज के कई गणमान्य लोग, समिति के पदाधिकारी और सैकड़ों सदस्य मौजूद रहे।
समिति के अध्यक्ष मानस मिश्र और महासचिव चंद्रशेखर झा ने बताया कि इस कैलेंडर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें मिथिला पंचांग के अनुसार पूरे वर्ष के पर्व-त्योहार, तिथि और विभिन्न धार्मिक एवं पारिवारिक संस्कारों की जानकारी दी गई है।
मिथिला के पर्व-त्योहार और संस्कारों की मिलेगी जानकारी
छह पृष्ठों वाले इस कैलेंडर में मिथिला क्षेत्र के प्रमुख पर्व-त्योहारों के साथ शादी-विवाह, द्विरागमन, यज्ञोपवीत संस्कार और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों की तिथियां दर्शाई गई हैं। इससे मिथिला समाज के लोगों को अपने पारिवारिक और धार्मिक कार्यक्रमों की तिथि निर्धारित करने में सुविधा होगी।
समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, कैलेंडर में दी गई जानकारी के आधार पर लोग पहले से ही अपने निकट भविष्य के धार्मिक और पारिवारिक आयोजनों की योजना बना सकते हैं।
बाबा लक्ष्मीनाथ गोस्वामी की कुटियों और प्रतिमाओं को भी मिली जगह
कैलेंडर को आकर्षक बनाने के साथ-साथ बाबा लक्ष्मीनाथ गोस्वामी के धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों के प्रचार-प्रसार का भी ध्यान रखा गया है। इसके अलग-अलग पृष्ठों पर बाबा की प्रमुख कुटियों और प्रतिमाओं को स्थान दिया गया है।
समिति की ओर से पिछले कई वर्षों से लगातार बाबा के कैलेंडर का प्रकाशन किया जा रहा है। इस कार्य के प्रति समाज के लोगों में विशेष उत्साह देखा जाता है। यही वजह है कि आगामी दो वर्षों के कैलेंडर प्रकाशन के लिए भी दानदाताओं ने अपनी सहमति समिति को दे दी है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: दिवाली-छठ 2026 की तारीखें, पुरोहित महासंघ का निर्णय
मंजरी देवी ने उठाया वर्ष 2026 के कैलेंडर का खर्च
समिति के अनुसार, वर्ष 2026 के कैलेंडर के प्रकाशन का खर्च आदित्यपुर स्थित आशियाना निवासी एवं मूल रूप से सुपौल जिले के मलहद गांव की रहने वाली मंजरी देवी ने वहन किया। वह प्रेम सुंदर झा की पत्नी हैं।
इस पुनीत कार्य में सहयोग देने वाले दानदाताओं को समिति की ओर से मिथिला की पारंपरिक पहचान शॉल और पाग भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर संचालन एवं धार्मिक गतिविधि उपसमिति के चेयरपर्सन सह समिति के कार्यकारी अध्यक्ष संतोष ठाकुर तथा उपसमिति के कोऑर्डिनेटर सह संयुक्त सचिव सुशील खां (कुमोद) का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर समिति के पूर्व अध्यक्ष सरोज कुमार झा, दिगंबर झा, विजय शंकर मिश्र, केके झा, रविंद्र (नट्टू) झा, संदीप खां, मिथिला सांस्कृतिक परिषद के अध्यक्ष आकाश चंद्र मिश्र, पूर्व अध्यक्ष मोहन ठाकुर, ललित नारायण मिथिला सांस्कृतिक एवं सामाजिक कल्याण समिति के अध्यक्ष जेसी झा, महासचिव अशोक झा पंकज, ललन चौधरी, अमरनाथ झा, धनंजय खां, बालकांत झा और सुरेश झा समेत समिति के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सैकड़ों सदस्य उपस्थित थे।
कार्यक्रम की जानकारी समिति के संयुक्त सचिव सुररंजन राय ने दी।


