
जमशेदपुर, 18 सितंबर 2026: आगामी दुर्गा पूजा और अन्य प्रमुख त्योहारों को देखते हुए जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) ने तैयारियों की समीक्षा शुरू कर दी है। इसी क्रम में JNAC के नगर आयुक्त योगेन्द्र प्रसाद की अध्यक्षता में पदाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की सफाई, यातायात प्रबंधन, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और विसर्जन घाटों की व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
विसर्जन घाटों पर CCTV और बैरिकेडिंग की होगी व्यवस्था
नगर आयुक्त ने विसर्जन घाटों पर विशेष निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी चिन्हित घाटों पर समय रहते आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
बैठक में विसर्जन घाटों पर CCTV कैमरे और निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षित आवागमन के लिए उचित बैरिकेडिंग करने का निर्देश दिया गया। घाटों और वहां तक पहुंचने वाले मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था रखने को भी कहा गया।
घाटों पर विशेष सफाई टीम रहेगी तैनात
त्योहारी अवधि के दौरान घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष सफाई टीम की व्यवस्था करने और नियमित रूप से कचरा उठाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। घाटों के आसपास साफ-सफाई के साथ कचरे का पृथक्करण कराने पर भी जोर दिया गया।
नगर आयुक्त ने किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आपातकालीन एवं त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था तैयार रखने को कहा। साथ ही पूजा समितियों और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित निरीक्षण एवं निगरानी करने का निर्देश दिया।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: आदित्यपुर स्टेशन के यात्री ध्यान दें, 19 से 23 सितंबर तक स्वर्णरेखा-आसनसोल एक्सप्रेस समेत 14 लोकल ट्रेनें रद्द
सड़क, नाली और प्रकाश व्यवस्था की भी समीक्षा
बैठक में दुर्गा पूजा समेत अन्य त्योहारों के दौरान सड़क और नाली की सफाई, कचरा उठाव, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सार्वजनिक स्थलों की स्थिति पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण और निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त ने कहा कि त्योहारी अवधि में शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित रखना JNAC की प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों और पूजा समितियों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए स्वच्छ एवं सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने में सहयोग की अपील की।
बैठक में विशेष पदाधिकारी, लेखा पदाधिकारी, सहायक नगर निवेशक, नगर प्रबंधक, राजस्व निरीक्षक, अभियंता, स्वच्छता विभाग के अधिकारी और अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

