
मृत्युंजय बर्मन,
गम्हरिया
नौतपा की प्रचंड गर्मी और तेज धूप से जहां आमजन बेहाल हैं, वहीं काण्ड्रा के बिकानीपुर स्थित इंडियन ऑयल के प्रतिष्ठित गुप्ता ऑटोमोबाइल आउटलेट ने सामाजिक सरोकार और ग्राहक सेवा का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया। आउटलेट परिसर में आज सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आने वाले ग्राहकों के साथ-साथ राहगीरों के लिए नि:शुल्क नींबू शर्बत वितरण की व्यवस्था की गई। भीषण गर्मी में ठंडे शर्बत की यह पहल लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हुई।

आउटलेट पर ईंधन लेने पहुंचे वाहन चालकों, स्थानीय नागरिकों तथा राहगीरों ने इस सेवा का लाभ उठाया और प्रबंधन की पहल की सराहना की। लोगों का कहना था कि व्यापारिक प्रतिष्ठान यदि सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति इसी प्रकार संवेदनशील रहें तो समाज में सकारात्मक माहौल का निर्माण होता है।
गौरतलब है कि वैश्विक स्तर पर पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता को लेकर समय-समय पर चुनौतियां सामने आती रही हैं, लेकिन गुप्ता ऑटोमोबाइल आउटलेट में आपूर्ति और वितरण व्यवस्था के बीच हमेशा बेहतर समन्वय बनाए रखा गया है। इसके कारण ग्राहकों को कभी अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा और उन्हें संतोषजनक सेवाएं लगातार मिलती रही हैं।
इस अवसर पर आउटलेट के प्रबंधक सुबोध गुप्ता ने कहा कि ग्राहकों को केवल निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी सुविधा और संतुष्टि के लिए अतिरिक्त प्रयास करना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ग्राहक ही किसी भी प्रतिष्ठान की वास्तविक पहचान होते हैं और उनकी संतुष्टि को ही वे अपना सबसे बड़ा बोनस मानते हैं। उन्होंने आगे भी ऐसे जनहितकारी एवं ग्राहक हितैषी कार्यक्रम जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।
नौतपा की भीषण गर्मी के बीच गुप्ता ऑटोमोबाइल की यह पहल न केवल ग्राहकों को राहत पहुंचाने वाली रही, बल्कि सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व का एक सकारात्मक संदेश भी छोड़ गई।


