उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देशानुसार आज झारखंड राज्य स्थापना पखवाड़ा-2026 के आलोक में जिला परिवहन कार्यालय, देवघर के तत्वावधान में आर. मित्रा उच्च विद्यालय, देवघर से सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस जागरूकता रैली में विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से आमजनों को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा सड़क पर सुरक्षित व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए बताया गया कि सड़क सुरक्षा केवल परिवहन विभाग अथवा यातायात पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। यातायात नियमों का पालन कर एवं स्वयं जागरूक रहकर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है तथा बहुमूल्य जीवन की रक्षा की जा सकती है। इस दौरान आमजनों एवं विशेषकर युवाओं से अपील की गई कि वे यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार, आर. मित्रा उच्च विद्यालय के प्राचार्य बिमलेश पंकज, मोटरयान निरीक्षक,डीआरएसएम, कार्यालय के लिपिक एवं जिला परिवहन कार्यालय के सभी कर्मी उपस्थित थे।


