खरकई पुल से कांड्रा तक ट्रकों के परिचालन पर रोजाना साढ़े तीन घंटे की रोक; ऑटो क्लस्टर टोल, पिंड्राबेड़ा और कांड्रा टोल पर लागू होगी व्यवस्था
आदित्यपुर: आदित्यपुर-कांड्रा मुख्य मार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव, जाम और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने भारी वाहनों के परिचालन पर समयबद्ध प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। अब प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 8:30 बजे तक आदित्यपुर खरकई पुल से कांड्रा तक मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों (ट्रकों) का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। यह व्यवस्था कुल साढ़े तीन घंटे लागू रहेगी।
आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर के सभागार में आदित्यपुर नगर निगम के नगर आयुक्त और जिला परिवहन पदाधिकारी की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इस प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में आदित्यपुर और गम्हरिया क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और व्यस्त इलाकों में शाम के समय बढ़ती भीड़ तथा यातायात दबाव पर चिंता जताई गई।
प्रशासन का मानना है कि शाम के समय आम लोगों की आवाजाही अधिक रहने के कारण भारी वाहनों के परिचालन से जाम की स्थिति उत्पन्न होती है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए आम नागरिकों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया।
READ MORE :RANCHI NEWS: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मिले यूनिसेफ के 10 बाल पत्रकार, बाल विवाह और बाल श्रम रोकने के प्रयासों पर हुई चर्चा
तीन स्थानों पर लागू होगी नो-एंट्री व्यवस्था
निर्धारित समय में भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए मार्ग पर तीन स्थानों पर नो-एंट्री व्यवस्था लागू की जाएगी।
ऑटो क्लस्टर टोल के समीप: आदित्यपुर थाना क्षेत्र।
पिंड्राबेड़ा: गम्हरिया थाना क्षेत्र।
कांड्रा टोल: कांड्रा थाना क्षेत्र।
बैठक में संबंधित थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस को निर्धारित समयावधि में प्रतिबंध का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने तथा नियमित निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
READ MORE :CHANDIL NEWS: खाटू धाम से आए निशानों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा, बारिश में भी डटे रहे श्याम भक्त
वाहन चालकों से नियमों के पालन की अपील
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से निर्धारित यातायात प्रतिबंधों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन के अनुसार इस व्यवस्था का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, शाम के समय यातायात दबाव कम करना और आम लोगों के आवागमन को सुरक्षित एवं सुगम बनाना है।
बैठक में आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार, आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पराशर, ट्रैफिक थाना प्रभारी राजू, आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्री एसोसिएशन (एएसआईए) के अध्यक्ष इंदर कुमार अग्रवाल, महासचिव प्रवीण गुटगुटिया, देवांग गांधी, स्वपन मजूमदार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


