रांची: विश्व बाल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से शुक्रवार को रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में यूनिसेफ के 10 बाल पत्रकारों ने मुलाकात की। इस दौरान बाल अधिकार, शिक्षा, बाल विवाह, बाल श्रम, स्वास्थ्य, माहवारी स्वच्छता और जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सार्थक संवाद हुआ। बाल पत्रकारों ने अपने स्कूल और समुदाय में किए गए जागरूकता प्रयासों तथा सामाजिक बदलावों के अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए।
बच्चों ने बताया कि वे बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम, स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और माहवारी स्वच्छता प्रबंधन को लेकर जागरूकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। इसके अलावा बचपन में होने वाली गैर-संचारी बीमारियों की रोकथाम, स्वस्थ खानपान और जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों पर भी उन्होंने अपने अनुभव रखे।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: DBMS ने पूरे किए 80 साल, 21 नवंबर को होगा भव्य सांस्कृतिक समारोह; 7,000 से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाई शिक्षा
मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों से शिक्षा के स्तर में सुधार का प्रयास
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बच्चों के सवालों का सहजता और संवेदनशीलता के साथ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने के विषय पर समीक्षा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से बच्चों के शैक्षणिक स्तर में सकारात्मक बदलाव लाया जा रहा है। सरकारी स्कूलों में पढ़ाई के साथ खेलकूद में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के लिए खेल सामग्री उपलब्ध कराने और पंचायत स्तर पर खेल मैदान बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिलास्तर पर पुस्तकालयों के निर्माण का कार्य भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति को सही और गलत के बीच अंतर समझने की क्षमता देती है। राज्य सरकार के अधिकारियों को अपने क्षेत्र के स्कूलों में एक दिन बिताकर विद्यार्थियों से बातचीत करने का निर्देश भी दिया गया है।
बाल विवाह और माहवारी स्वच्छता पर मुख्यमंत्री ने रखी बात
बाल विवाह के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल कानूनी अपराध नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य और उनके स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने बच्चों को निर्धारित उम्र में ही विवाह करने के प्रति जागरूक करने की जरूरत बताई।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में माहवारी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और बच्चियों तथा महिलाओं को सैनिटरी पैड भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
READ MORE :WEATHER ALERT :चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ पर राष्ट्रीय बुलेटिन 37 जारी, 20 नवंबर पूर्वाह्न तट पार करने के आसार
बच्चों का आत्मविश्वास देखकर गर्व होता है: हेमन्त सोरेन
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाल पत्रकारों की जागरूकता और आत्मविश्वास उन्हें हमेशा आश्चर्यचकित करता है। जिस स्पष्टता के साथ बच्चे अपने अधिकारों और समुदाय की समस्याओं पर बात रखते हैं, उससे उनके भविष्य के नेतृत्वकर्ता बनने की संभावनाएं दिखाई देती हैं।
उन्होंने कहा, “बच्चे झारखंड के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं।” जब कोई बच्चा आत्मविश्वास के साथ सवाल पूछता है, अन्याय के खिलाफ आवाज उठाता है या अपने समुदाय की समस्या का समाधान सुझाता है, तो उसकी बात सुनी जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बच्चों के अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि प्रत्येक बच्चे को सीखने, अपनी बात रखने, सुरक्षित रहने और अपने सपनों को पूरा करने का समान अवसर मिल सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि बाल पत्रकारों के अनुभव दूसरे बच्चों को भी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर आवाज उठाने के लिए प्रेरित करेंगे।
यूनिसेफ ने बच्चों की भागीदारी को बताया जरूरी
यूनिसेफ झारखंड की प्रमुख डॉ. कनीनिका मित्र ने कहा कि बच्चों को केवल सरकारी योजनाओं और नीतियों का लाभार्थी नहीं, बल्कि उनके जीवन को प्रभावित करने वाले फैसलों में भागीदार बनाया जाना चाहिए। उन्होंने बाल पत्रकार कार्यक्रम को बच्चों की आवाज और नेतृत्व क्षमता का उदाहरण बताया।
यूनिसेफ झारखंड की कम्युनिकेशन, एडवोकेसी एंड पार्टनरशिप स्पेशलिस्ट आस्था अलंग ने कहा कि भौगोलिक परिस्थितियां, गरीबी और लैंगिक असमानता आज भी कई बच्चों के विकास में बाधा हैं। बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए उनमें आज किया गया निवेश पूरे समाज के विकास की नींव बनेगा।
ये बाल पत्रकार रहे मौजूद
कार्यक्रम में सोनू उरांव, खुशबू कुमारी, तनु कुमारी, सोफिया नुजहत, प्रियांशी बरदियार, सूरज प्रताप सिंह, पल्लवी कुमारी, साक्षी कुमारी, पंकज कुमार और प्रियांशी कुमारी सहित 10 बाल पत्रकार शामिल हुए। इनके साथ एनबीजेके की सुष्मिता भट्टाचार्य और विवेक कुमार भी उपस्थित थे।



