
देवघर समाहरणालय सभागार में उपायुक्त के निर्देशानुसार ‘विश्व तंबाकू निषेध दिवस’ के अवसर पर एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा द्वारा किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य आम जनता को तंबाकू के घातक दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना और युवाओं व बच्चों को निकोटीन की लत से बचाना था।

युवाओं को विज्ञापन और दिखावे के जाल से बचना होगा: पीयूष सिन्हा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा ने कहा कि तंबाकू का सेवन न केवल व्यक्ति को शारीरिक और आर्थिक रूप से खोखला करता है, बल्कि पूरे परिवार को संकट में डाल देता है। उन्होंने युवा पीढ़ी को सचेत करते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। विज्ञापन और दिखावे के जाल में फंसकर तंबाकू, सिगरेट या गुटखे को अपनी आदत न बनाएं। मजबूत इच्छाशक्ति से इस जानलेवा लत से मुक्ति पाई जा सकती है।
WHO थीम 2026: इस वर्ष की थीम “आकर्षण का पर्दाफाश करना- निकोटीन और तंबाकू की लत का मुकाबला करना” के तहत तंबाकू उद्योग के हथकंडों और निकोटीन के दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
तंबाकू सेवन से बढ़ रहा कैंसर और हृदय रोग का खतरा: डॉ. रमेश कुमार
सिविल सर्जन डॉ. रमेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि तंबाकू सेवन मुख कैंसर, फेफड़ों के कैंसर, हृदय रोग, स्ट्रोक और क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (COPD) जैसी गंभीर बीमारियों का मुख्य कारण है। उन्होंने कहा कि तंबाकू नियंत्रण केवल स्वास्थ्य नहीं, बल्कि सामाजिक-आर्थिक विकास से भी जुड़ा है।
इसके साथ ही जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार गुप्ता एवं डॉ. मनीष शेखर ने बताया कि उच्च रक्तचाप और मधुमेह की रोकथाम के लिए तंबाकू का त्याग जरूरी है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने भी युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
ANMTC छात्राओं की सक्रिय भागीदारी और शपथ ग्रहण
कार्यक्रम में एएनएमटीसी की प्रशिक्षु छात्राओं ने अपनी ट्यूटर दिव्या ज्योति के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रशांत कुमार मालवीय ने किया, जबकि सुव्यवस्थित आयोजन में अभिमन्यु कुमार डांगी, रवि कुमार सिन्हा, रविचंद्र मुर्मू एवं अभिषेक कुमार लाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में सभी अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों और छात्राओं ने तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण की शपथ ली।
जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना
कार्यक्रम के समापन पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, सिविल सर्जन डॉ. रमेश कुमार, जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार गुप्ता, डॉ. मनीष शेखर और उप पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर ने संयुक्त रूप से ‘विश्व तंबाकू निषेध दिवस जागरूकता रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ देवघर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में घूमकर लोगों को नशामुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूक करेगा।


