
रांची/जमशेदपुर। जमशेदपुर के बिरसानगर में बन रहे पीएम आवास योजना के लाभार्थियों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। झारखंड सरकार के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने आश्वासन दिया है कि आगामी 15 जून 2026 से पहले सभी योग्य लाभुकों को उनके नाम से आवंटित फ्लैटों की चाबी सौंप दी जाएगी। मंत्री ने यह बात जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय को शनिवार सुबह रांची में हुई एक विशेष वार्ता के दौरान कही।

लाभुकों को इस संबंध में जानकारी दे दी गई
विभागीय मंत्री के इस ठोस भरोसे के बाद विधायक सरयू राय ने आगामी 1 जून को जमशेदपुर के उपायुक्त (DC) कार्यालय के समक्ष होने वाले अपने अनिश्चितकालीन अनशन को स्थगित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बिरसानगर आवास के पीड़ित लाभार्थियों को भी इस फैसले की आधिकारिक सूचना भेज दी है।
नगर विकास मंत्री ने सरयू राय से किया वायदा
मामले की जानकारी देते हुए सरयू राय ने बताया कि कमजोर आर्थिक वर्ग (EWS) के इन लाभुकों ने करीब तीन साल पहले ही अपने हिस्से की पूरी राशि का भुगतान कर दिया था। इसके लिए कई लोगों ने बैंकों से भारी ब्याज दर पर लोन भी लिया था। इसके बावजूद जमशेदपुर अक्षेस (JNAC) और नगर विकास विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण उन्हें फ्लैट का पजेशन नहीं मिल पा रहा था। ऐसे में गरीब परिवार एक तरफ बैंक की किस्त भर रहे थे और दूसरी तरफ किराये के मकान का खर्च उठा रहे थे।
सरयू राय ने 1 जून का अनशन स्थगित किया
अधिकारियों के इस ढुलमुल रवैये से परेशान होकर लाभार्थियों ने सरयू राय से मदद मांगी थी। इसके बाद सरयू राय ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विभागीय मंत्री को अवगत कराया कि अधिकारी जनता को बरगला रहे हैं। पहले बातचीत में मंत्री ने 31 मई तक चाबी देने की बात कही थी, जिसके पूरे न होने पर सरयू राय ने 1 जून से पूर्वी सिंहभूम उपायुक्त कार्यालय पर अनशन की चेतावनी दी थी।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: मासिक लोक अदालत में 97 मामलों का हुआ निपटारा, ₹6,58,000 की हुई राजस्व वसूली
शनिवार की वार्ता में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने विभाग के लिए 15 दिन का अतिरिक्त समय मांगते हुए 15 जून की समयसीमा तय की है। सरयू राय ने उम्मीद जताई है कि सरकार इस बार अपना वादा समय पर पूरा करेगी।


