
आदित्यपुर: दुर्गापूजा को लेकर आदित्यपुर-गम्हरिया क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गयी हैं। पूजा के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा, सफाई, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति के प्रतिनिधिमंडल ने सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने पूजा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए 11 सूत्री मांग पत्र सौंपा।
समिति ने उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के कार्यालय में भी ज्ञापन की प्रति जमा करायी। पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि दुर्गापूजा शुरू होने में अब कुछ ही दिन शेष हैं और क्षेत्र के कई बड़े पूजा पंडालों का निर्माण अंतिम चरण में है। ऐसे में प्रशासन को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से जुड़े इंतजाम समय रहते पूरा करने की जरूरत है।
READ MORE :SOUTH EASTERN RAILWAY :रेल लाइन पर हाथियों की आवाजाही से थमी ट्रेनों की रफ्तार, 11 ट्रेनें प्रभावित
शांति समिति की बैठकों के निर्णय लागू करने की मांग
पुरेंद्र ने कहा कि थाना और जिला स्तर पर शांति समिति की बैठकें हो चुकी हैं। इन बैठकों में लिए गये निर्णयों को पूजा से पहले संबंधित विभागों के माध्यम से जमीन पर लागू करने की जरूरत है।
सफाई और सड़कों की मरम्मत पर जोर
समिति ने आदित्यपुर नगर निगम से पूजा से पहले विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की। पूजा पंडालों तक जाने वाली सड़कों की मरम्मत और पूजा के दौरान नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर बंद स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइट को दुरुस्त करने की मांग की गयी। जेआरडीसीएल और जियाडा प्रशासन से पूजा के दौरान जरूरत पड़ने पर पूर्व की तरह जनरेटर कनेक्शन की व्यवस्था रखने का आग्रह किया गया।
ट्रैफिक और पार्किंग के लिए अलग व्यवस्था
पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि आदित्यपुर-गम्हरिया क्षेत्र में कई बड़े पूजा पंडाल लगते हैं, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में पंडालों में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते रखने की मांग की गयी है।
समिति ने पार्किंग स्थल और अस्थायी दुकानों के लिए स्थान पहले से चिह्नित करने पर भी जोर दिया, ताकि पूजा के दौरान सड़कों पर यातायात प्रभावित न हो।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: ठाकुर अनुकूल चंद्र जी के जन्मोत्सव पर गीधनी स्टेशन पर रुकेंगी 8 प्रमुख ट्रेनें, स्टील एक्सप्रेस-इस्पात एक्सप्रेस भी शामिल
वॉच टावर और मेडिकल टीम की मांग
समिति ने खरकई पुल के पास एमपी टावर के समीप वॉच टावर बनाने तथा वहां मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था करने की मांग की। आदित्यपुर और गम्हरिया स्वास्थ्य केंद्रों में पूजा के दौरान 24 घंटे चिकित्सकीय टीम उपलब्ध रखने का भी आग्रह किया गया।
विसर्जन घाट तक जाने वाले रास्ते की मरम्मत, पर्याप्त रोशनी और हाइड्रा की व्यवस्था करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
पूजा पंडालों में दमकल और रात में गश्ती की मांग
समिति ने भीड़ वाले पूजा पंडालों के आसपास दमकल की तैनाती और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही आदित्यपुर, गम्हरिया और आरआईटी थाना क्षेत्रों में पूजा के दौरान रात की पुलिस गश्ती बढ़ाने का आग्रह किया गया, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
पुरेंद्र नारायण सिंह ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और शांतिपूर्ण पूजा आयोजन के लिए मांगों पर समय रहते कार्रवाई करने की अपील की।
प्रतिनिधिमंडल में पुरेंद्र नारायण सिंह के अलावा उदित यादव, सकला मारडी, ऋषिकांत गुप्ता, राजेश यादव, अवधेश कुमार और सोनू पासवान शामिल थे।

