आदित्यपुर: मॉर्निंग स्टार किड्स स्कूल के तत्वावधान में संचालित महाबीर पाठशाला में दीपावली महोत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों ने सांस्कृतिक एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से दीपावली के महत्व को दर्शाया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के महत्व से परिचित कराने के साथ सुरक्षित दीपावली मनाने के प्रति जागरूक करना था।
राम, लक्ष्मण और सीता के रूप में सजे बच्चे
महोत्सव के दौरान नन्हे बच्चों ने भगवान राम, लक्ष्मण और माता सीता का रूप धारण कर आकर्षक नाट्य प्रस्तुति दी। बच्चों की प्रस्तुति के माध्यम से दीपावली मनाने की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा की जानकारी दी गई। शिक्षकों ने बच्चों को बताया कि भगवान राम के वनवास से अयोध्या लौटने की खुशी में दीप जलाकर दीपावली मनाने की परंपरा जुड़ी हुई है।
पूजा-अर्चना के बाद बच्चों में बांटा गया प्रसाद
कार्यक्रम में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद बच्चों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। पूरे आयोजन में उत्सव और उल्लास का माहौल रहा। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
सुरक्षित दीपावली मनाने का दिया संदेश
महोत्सव के दौरान बच्चों को सुरक्षित दीपावली मनाने के तरीके भी बताए गए। उन्हें पटाखे जलाते समय जरूरी सावधानियों की जानकारी दी गई। शिक्षकों ने समझाया कि पटाखों के इस्तेमाल में लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए और बड़ों की निगरानी में ही सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए त्योहार मनाना चाहिए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्राचार्या दीपाली दुकानिया, उप-प्राचार्या अलका सहाय सहित सभी शिक्षकों एवं सहयोगी दीदियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

