गम्हरिया: बाबा श्याम के भजनों की मधुर धुन, अखंड ज्योत की रोशनी और भक्तिमय माहौल के बीच गम्हरिया में श्रद्धालु भक्ति के रंग में सराबोर नजर आए। किसी ने भजनों पर नृत्य किया तो किसी ने हाथ उठाकर बाबा श्याम के जयकारे लगाए। मौका था श्री श्याम भटली परिवार चेरिटेबल ट्रस्ट, जमशेदपुर की ओर से आयोजित मासिक श्याम कीर्तन महोत्सव का।
मंगलम सिटी, गम्हरिया में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में स्थानीय भजन गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। यजमान स्नेहा-प्रदीप गुप्ता की ओर से आयोजित महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
भजन गायकों की प्रस्तुतियों पर झूमे भक्त
कार्यक्रम की शुरुआत श्री गणेश वंदना के साथ हुई। इसके बाद भजन गायकों महाबीर अग्रवाल, मानव केडिया, नीरज जालान, रूबी रविन्द्र और सक्षम पलसानिया ने बाबा श्याम के एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी।
‘श्याम धणी को आयो रे बुलावा’, ‘नीला मनै श्याम से मिला दें’, ‘बांस की बांसुरी पर घनो इतरवा’, ‘शरण तुम्हारी जो मिल गयी हैं सांवरे’, ‘मोर छड़ी लहरायी रे रसिया ओ’ और ‘मेरा सांवरिया बड़ा दिलदार निकला’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु खूब झूमे।
वहीं, ‘लाखों पापी तार दिए सुनते हैं सरकार’ और ‘चल खाटू के धाम पता नहीं क्या तुझे मिल जाए’ जैसे भजनों ने भक्तों को भावविभोर कर दिया। भजन गायकों की प्रस्तुतियों के दौरान श्रद्धालु नृत्य करते और बाबा श्याम की भक्ति में लीन नजर आए।
भव्य श्याम दरबार और छप्पन भोग रहा आकर्षण
महोत्सव का मुख्य आकर्षण बाबा श्याम का भव्य दरबार, छप्पन व्यंजनों का भोग, अखंड ज्योत और श्याम रसोई प्रसाद रहा। शाम 7:30 बजे बाबा श्याम की पूजा-अर्चना शुरू हुई। इसके बाद भजनों का सिलसिला शुरू हुआ, जो रात 12 बजे तक चला।
READ MORE :Jamshedpur news:JTET अभ्यर्थियों के लिए राहत, आज शाम 6:30 बजे टाटानगर से देवघर के लिए खुलेगी परीक्षा स्पेशल ट्रेन, इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
आयोजन को सफल बनाने में इनका रहा योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में राजेश पसारी, दीपक भालोटिया, विमल गुप्ता, सुधीर अग्रवाल, निखिल खेतान, अमित खेडिया, गणेश भालोटिया, टिनु अग्रवाल, विनोद मित्तल, नरेश अग्रवाल, स्मिता खेडिया, सुनीता पसारी, सुमन भालोटिया और टोनी भालोटिया सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
मासिक श्याम कीर्तन महोत्सव ने पूरे आयोजन स्थल को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दरबार में हाजिरी लगाकर सुख-समृद्धि की कामना की।


