
जमशेदपुर।


टाटा मोटर्स गेट पर विधवा नीतू सिंह के समर्थन में हुए किन्नर प्रदर्शन के बाद तीन केस दर्ज़ किये गये थें। नीतू सिंह के बयान पर कंपनी प्रबंधन के सुरक्षा अधिकारियों पर केस दर्ज़ हुआ। वहीं टाटा मोटर्स के सुरक्षा कर्मी के बयान पर प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ एक मामला दर्ज़ है। इसके अलावे एक केस टेल्को थाना और मजिस्ट्रेट द्वारा दर्ज़ है जिसमें पिछले दिनों नीतू सिंह समेत भाजपा, आजसू और मज़दूर नेताओं को टेल्को थाना ने नोटिस जारी किया था। इसी दिन आजसू जिला प्रवक्ता अप्पु तिवारी ने भी टेल्को थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर एफआईआर दर्ज़ करने का आवेदन दिया था। अप्पु तिवारी के शिकायत पर टेल्को थाना ने अबतक एफआईआर दर्ज़ नहीं किया है जबकि उनकी शिकायत संज्ञेय अपराध से जुड़ी है। इस प्रकरण में टेल्को थाना की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आजसू नेता ने गुरुवार को ट्विटर पर ही डीजीपी, कोल्हान डीआईजी समेत तमाम आला अधिकारियों से शिकायत किया। आजसू नेता ने ट्विटर पर बताया कि उन्होंने नौ जून को लिखित शिकायत दिया था जिसकी रिसीविंग कॉपी उन्हें 15 जून को टेल्को थाना से प्राप्त हुई। लेकिन उनके शिकायत पर अबतक एफआईआर दर्ज़ नहीं किया गया है। अप्पु तिवारी ने कहा कि अभियुक्त टाटा मोटर्स कंपनी के बड़े अधिकारी हैं इसलिए टेल्को थाना उनके प्रभाव में काम कर रही है और उन्हें बचाने की गलत कोशिशें हो रही है। आजसू जिला प्रवक्ता अप्पु तिवारी की शिकायत पर झारखंड पुलिस मुख्यालय ने संज्ञान लिया है। पुलिस मुख्यालय ने जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक को मामले में संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है। इधर पुलिस मुख्यालय से निर्देश मिलते ही जमशेदपुर पुलिस भी सक्रिय हो गयी है। जमशेदपुर पुलिस ने बताया कि मामले को संज्ञान में लेकर जरूरी कार्रवाई की जा रही है। अप्पु तिवारी ने कहा कि यह चिंताजनक है कि टेल्को पुलिस पूंजीपतियों के इशारों पर कार्य कर रही है और ग़रीबों पर दमनकारी कार्रवाई हो रही है। कहा कि आजसू पार्टी ऐसी एकपक्षीय कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं करेंगी। विदित हो कि अप्पु तिवारी ने अपनी लिखित शिकायत में टाटा मोटर्स के प्लांट हेड विशाल बादशाह, सुरक्षा अधिकारी कर्नल बरार, रजत सिंह, राजपाल पराशर और एम्प्लॉयमेंट अधिकारी दीपक कुमार पर मारपीट कर पैसे छिनतई करने के संगीन आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज़ करने का निवेदन किया था। लेकिन घटना के नौ दिन बीतने के बाद भी अभियुक्तों के ख़िलाफ़ कांड दर्ज़ नहीं होना टेल्को थाना प्रभारी की भूमिका पर कई सवालिया निशान खड़े कर रहा है। इधर झारखंड पुलिस मुख्यालय के निर्देश के बाद संभावना जताई जा रही है कि मामले में टाटा मोटर्स के प्लांट हेड विशाल बादशाह समेत कर्नल बरार, रजत सिंह, दीपक कुमार और अन्य के ख़िलाफ़ जल्द ही एफआईआर दर्ज़ कर ली जायेगी।

