
मुंबई। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) यार्ड में बुधवार तड़के मुंबई-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस की पैंट्री कार में आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना के समय ट्रेन में कोई यात्री मौजूद नहीं था। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक हादसे में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।
सुबह 3:40 बजे लगी आग
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मुंबई-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस की पैंट्री कार नंबर SCR/192967 में बुधवार सुबह करीब 3:40 बजे आग लगी। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड को जानकारी दी गई।
फायर ब्रिगेड की टीम करीब 4:01 बजे CSMT यार्ड पहुंची और कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पाने का अभियान शुरू कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, सुबह 4:05 बजे तक आग बुझा दी गई।
ट्रेन खाली होने से बड़ा हादसा टला
घटना के वक्त ट्रेन यार्ड में खड़ी थी और उसमें कोई यात्री मौजूद नहीं था। इस वजह से आग की घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। रेलवे और दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
आग पैंट्री कार में कैसे लगी, इसका तत्काल कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। रेलवे की ओर से घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
मुंबई-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस (12261/12262) मुंबई और हावड़ा के बीच चलने वाली प्रमुख ट्रेनों में शामिल है। घटना के बाद रेलवे अधिकारियों ने पैंट्री कार में लगी आग और उससे हुए नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।

