
जमशेदपुर।


विधानसभा चुनाव में जमशेदपुर के सभी निर्वाचन सीटों पर आशा के विपरीत परिणाम आने के बाद भाजपा महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार ने हार से दुखी पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए सामने आएं। उन्होंने मीडिया के माध्यम से बयान जारी करते हुए कहा कि अगर हम अच्छे परिणामों पर खुशियाँ मनाते हैं तो विपरीत परिणामों को भी स्वीकार्य करना चाहिए। कहा की निराश होने की जगह ज़रूरी है परिणामों पर समीक्षा और आत्ममंथन हो। भाजपा ने अकेला चुनाव लड़ा किंतु मज़बूती से लड़ा। भाजपा को प्राप्त मत प्रतिशत यह दर्शाता है कि जनता अब भी भारतीय जनता पार्टी के साथ है। महागठबंधन भ्रम फ़ैलाने और जनता को गुमराह करने में सफ़ल रही। दिनेश कुमार ने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए दुबारा संगठन की मज़बूती और जनहित के कार्यों में जुटने का आह्वाहन किया है। कहा कि विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी पराजित नहीं हुई है बल्कि सूबे में तुष्टिकरण और जातिगत राजनीति की जीत हो गयी है। विकास, हिंदुत्व और राष्ट्रवाद के एजेंडों पर महागठबंधन के तुष्टिकरण की राजनीति हावी होने में सफल रही। कहा कि भाजपा इस जनादेश का सम्मान करती है और हम बतौर भाजपा कार्यकर्ता मज़बूती से विपक्ष की भूमिका निभाते हुए जनसमस्याओं को लेकर मुखर रहेंगे। कहा कि आगामी दिनों में भारतीय जनता पार्टी मज़बूती से वापसी करेगी।

