
आदित्यपुर। भारतीय संविधान दिवस के अवसर पर SC, ST, OBC समन्वय समिति, आदित्यपुर की ओर से गुरुवार को स्थानीय आंबेडकर चौक पर राष्ट्रीय संविधान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान केवल कानून का दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत के लोकतंत्र और नागरिक चेतना की आत्मा है।



कार्यक्रम का शुभारंभ आंबेडकर चौक स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद उपस्थित सदस्यों ने भारतीय संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) का सामूहिक पाठ किया। सभी ने संविधान के प्रति अपनी आस्था, सम्मान और प्रतिबद्धता को मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने कहा कि भारतीय संविधान केवल दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान नहीं है, बल्कि यह देश के ऐतिहासिक अनुभवों, संघर्षों और सीख का सार भी है। संविधान लोकतंत्र, नागरिक अधिकारों, समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व जैसे मूलभूत सिद्धांतों को अभिव्यक्त करता है।
वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान देश की मूल आत्मा है। यह राष्ट्रीय एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार है। संविधान में निहित आदर्शों को आत्मसात करना और उनका पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजद की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी शारदा देवी, पूर्व आरक्षी उपाधीक्षक सरयू पासवान, आर.पी. राही, यदुनंदन राम, योगेंद्र राम, दुर्गा राम बैठा, सुग्रीव मुखी, पांडी मुखी, सुशील मंडल, एल.बी. शास्त्री, बिल्लू शर्मा, मनोज पासवान, अनिल कुमार और मनोज रजक सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।




