
जमशेदपुर। धर्म रक्षिणी पुरोहित महासंघ की ओर से गुरुवार को साकची स्थित आनंदेश्वर शिव मंदिर परिसर में शोकसभा आयोजित कर दिवंगत रमाकांत पांडेय को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनका निधन 23 नवंबर 2026 को 75 वर्ष की आयु में हो गया था। वे एनसीपी के राष्ट्रीय सचिव एवं समाजसेवी डॉ. पवन कुमार पांडेय के पिता थे।



शोकसभा में जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों से आए आचार्यों ने हिस्सा लिया। उपस्थित लोगों ने दिवंगत रमाकांत पांडेय के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि रमाकांत पांडेय सामाजिक एकता और समाज के उत्थान के लिए सदैव चिंतनशील रहते थे। वे आम जनमानस और विशेषकर ब्राह्मण समाज को एकजुट करने के लिए लगातार प्रयासरत रहते थे। समाज के लोगों को संगठित करने और उन्हें उचित मार्गदर्शन देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
महासंघ के अध्यक्ष पंडित विपिन कुमार झा ने अपने संबोधन में कहा कि रमाकांत पांडेय का निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। वे समाज के एकीकरण के लिए तन, मन और धन से समर्पित रहते थे। उनके सामाजिक विचार और योगदान हमेशा याद किए जाएंगे।
शोकसभा में उपस्थित आचार्यों ने भगवान शिव से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति दें।
इस अवसर पर पंडित चंद्रमलेश्वर झा, पंडित गंगा ओझा, पंडित नवीन मिश्रा, पंडित अरुण शर्मा, पंडित मुन्ना पांडेय, पंडित अजय ठाकुर, पंडित विश्वजीत पांडेय, पंडित संतोष पांडेय, पंडित शंकर मिश्रा, पंडित गोविंद कुमार झा, पंडित मनोहर मिश्र, पंडित मनीष पाठक, पंडित रुपेश कुमार झा, पंडित आशुतोष पांडेय सहित अनेक गणमान्य आचार्य उपस्थित थे।



